त्योहारी सीजन में खाद्य वस्तुओं में मिलावट को देखते हुए खाद्य एवं ड्रग विभाग ने बड़ा फैसला किया है। त्योहारों पर हलवाई की दुकानों पर बिकने वाले दूध और दूध से बनी मिठाइयों पर रोक लगा दी है। अब सिर्फ वहां पर खोया और पनीर व उससे बनी मिठाइयों की बिक्री की जाएगी। खाद्य एवं ड्रग प्रबंधन विभाग की ओर से खाद्य वस्तुओं में मिलावट करने वालों के खिलाफ शुक्रवार से ही कार्रवाई करने की शुरुआत हो गई है। इस कार्य को करने के लिए विभाग की ओर से टीमों का गठन कर दिया गया है।
विभाग के प्रवक्ता के अनुसार त्योहारों के सीजन के मद्देनजर खाद्य और ड्रग प्रबंधन विभाग की तरफ से मिलावटी खाद्य पदार्थों की जांच संबंधी विशेष मुहिम की शुरुआत की गई है। त्योहारों के दिनों में लोगों द्वारा मिठाइयों का भरपूर प्रयोग किया जाता है। लोग पहले ही कोविड-19 के संकटकालीन दौर से गुजर रहे हैं।
खाद्य और ड्रग प्रबंधन विभाग ने इस संबंध में कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने मिठाइयां बेचने वालों को दूध और खोये से बनने वाली मिठाइयों को तैयार करते समय विशेष हिदायत दी है कि मिठाइयां मिलावटी या घटिया दर्जे की सामग्री से न बनी हों। विभागीय अधिकारियों ने भी मिठाई बेचने वालों को चौकस रहने का सुझाव दिया और मिलावटखोरी में शामिल व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।