शहर के स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए यूटी प्रशासन ने अभिभावकों से अपने बच्चों को आटो रिक्शा से स्कूल न भेजने की अपील की है। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश पर प्रशासन ने अभिभावकों से कहा है कि वह अपने बच्चों को आटो रिक्शा की जगह किसी भी अन्य माध्यम से स्कूल भेजें।
अगर इस अपील के बाद भी अभिभावक अपने बच्चों को आटो रिक्शा से ही स्कूल भेजते हैं तो प्रशासन सख्त कदम उठाते हुए शहर में आटो रिक्शा से स्कूल आने जाने पर पूरी तरह से रोक लगा सकता है। साथ ही प्रशासन ने आटो रिक्शा चालकों की ओर से की जा रही ओवरलोडिंग के खिलाफ भी अभियान चलाने की तैयारी की है।
कई बार हो चुकी हैं दुर्घटनाएं
शहर में पिछले कुछ सालों में कई ऐसी दुर्घटनाएं हुई हैं जब स्कूल छात्र-छात्राओं से भरा आटो रिक्शा पलट गया हो। इन हादसों में कई स्कूली छात्र-छात्राएं घायल हुए हैं। जितनी भी दुर्घटनाएं हुई हैं, उनमें आटो रिक्शा में 10 से अधिक छात्र मिले थे। जबकि नियमों के अनुसार आटो रिक्शा चालक पांच से ज्यादा विद्यार्थी नहीं बैठा सकते हैं।
प्रशासन के अधिकारी स्कूलों में भी जाकर अभिभावकों को जागरूक करेंगे और जल्द ही स्कूल प्रिंसिपलों और पेरेंट टीचर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ बैठक भी बुलाई जाएगी।
पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देश पर हमने अभिभावकों से अपील की है कि वह अपने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें आटो रिक्शा से स्कूल न भेजें। इस अपील का फिलहाल रिस्पांस देखेंगे। साथ ही यह सुनिश्चित करेंगे कि आटो रिक्शा चालक ओवरलोडिंग न करे। इसके लिए भी अभियान चलाया जाएगा।
एसके जैन, सचिव, एसटीए