पंजाब में 26 जनवरी के मौके पर राज्य के सभी जिलों में ड्रोन उड़ाने पर रोक लगा दी गई है। सरकार ने सुरक्षा की दृष्टि से यह फैसला लिया है। हालांकि भारत-पाक सीमा से सटे राज्य के सभी जिलों में पहले से ही ड्रोन उड़ाने पर रोक है। पाकिस्तान की तरफ से ड्रोनों के जरिए हथियार और ड्रग पहुंचाए जाने की घटनाएं सामने आने के बाद पंजाब पुलिस ने बीते साल सभी सीमांत जिलों में ड्रोन उड़ाने पर पाबंदी लगा दी थी।
अब राज्य सरकार ने नया फैसला 26 जनवरी को सभी जिलों में वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया है। राज्य पुलिस की ओर से कहा गया है कि आम लोगों में ड्रोन का इस्तेमाल एक उड़ने वाले खिलौना उपकरण की तरह बढ़ा है। वहीं, अपराधियों द्वारा ड्रोन के जरिए ड्रग और अन्य आपत्तिजनक वस्तुओं की सप्लाई की घटनाएं भी बढ़ी हैं।
राज्य सरकार ने गणतंत्र दिवस के मौके पर आसमान के रास्ते किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सभी जिला उपायुक्तों को एहतियाती कदम उठाने के निर्देश जारी किए गए हैं। मंगलवार को बठिंडा के एडिशनल जिला मजिस्ट्रेट ने धारा 144 के अधीन जिले में 26 जनवरी को ड्रोन उड़ाए जाने पर प्रतिबंध के आदेश जारी कर दिए हैं। बाकी जिलों में भी बुधवार तक ऐसे आदेश जारी कर दिए जाएंगे।