उत्तरप्रदेश के उन्नाव में दबोचे गए बब्बर खालसा के आतंकी जसवंत सिंह को पुलिस पंजाब लेकर आएगी, ताकि पूछताछ करके उनके राज उगलवाए जा सकें। सेंट्रल जेल में बंद बब्बर खालसा से जुड़े गैंगस्टर अशोक कुमार उर्फ अमन सेठ और उसके छह साथियों और बब्बर खालसा के आतंकी जसवंत सिंह उर्फ काला को नवांशहर में आमने-सामने बैठाकर पुलिस व दूसरी सुरक्षा एजेंसियां पूछताछ करेंगी। नवांशहर में पुलिस और अन्य एजेंसियां बब्बर खालसा के आतंकी जसवंत सिंह व बलवंत सिंह से पूछताछ कर रही हैं।
काला फिरोजपुर, ममदोट और मुक्तसर में रहने वाले जिन सौ लोगों के संपर्क में था, उन सभी की रिपोर्ट तैयार कर उससे सवाल किए जा रह हैं। पुलिस का कहना है कि अमन और काला को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जाएगी उसमें कई अहम खुलासे होने की उम्मीद है। यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि इन लोगों को फंडिंग कौन कर रहा है। इन लोगों के अलावा और कितने लोग इस समय पंजाब में सक्रिय है, या दूसरे राज्यों में छुपे बैठे हैं इसके बारे में भी पूछताछ की जाएगी।
आतंकी जसवंत के नाम का खुलासा 11 जुलाई थाना मल्लांवाला के गांव कोहला में सर्च ऑपरेशन के दौरान पकड़े गए गैंगस्टर अमन सेठ और गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपी से हुआ था। इसमें जसवंत के इशारे पर मोगा, फरीदकोट व हनुमानगढ़ में हत्याएं किए जाने की बात कबूल की गई थी। अमन की गिरफ्तारी के बाद ही पुलिस को जसवंत काला के लखनऊ में छिपे होने का पता लगा था, काला को लखनऊ में खोज रही पंजाब पुलिस के हत्थे बलवंत सिंह चढ़ गया, और बलवंत की सूचना पर उन्नाव से जसवंत पकड़ा गया।
सूत्रों के अनुसार जिस तरह से लखनऊ व उन्नाव के डेरे से आतंकी बलवंत और जसवंत सिंह को पकड़ा गया है, उसी तरह पंजाब पुलिस के लिए सिरदर्द बने खूंखार गैंगस्टर गुरुबख्श सिंह को जल्द पकड़ लिया जाएगा।