बता दें कि बुधवार शाम 6:03 बजे ऑटो सवार दो युवक सेक्टर-10 में सेवानिवृत्त प्रिंसिपल गोपेश मल्होत्रा की कोठी नंबर-575 में हैंड ग्रेनेड फेंककर फरार हो गए थे। धमाके की गूंज पूरे सेक्टर में आधे किमी तक सुनाई दी थी। इस कोठी में दो साल पहले तक पंजाब के पूर्व एसपी जसकीरत सिंह चहल परिवार के साथ रहते थे। पंजाब में आतंकवाद के दौर में जसकीरत सिंह काफी सक्रिय रहे थे और आतंकियों के सफाए में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके चलते उन्हें व उनके परिवार को लगातार धमकी मिल रही थी। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें पंजाब सरकार ने सुरक्षा भी दी थी लेकिन वर्ष 2017 में पंजाब सरकार ने उनकी सुरक्षा हटा ली थी।
हैंड ग्रेनेड का सेफ्टी लीवर बरामद
सेक्टर-10 की कोठी में फेंके गए हैंड ग्रेनेड का सेफ्टी लीवर भी पुलिस ने माैके से बरामद कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बुधवार को अंधेरा होने के कारण साक्ष्यों को जुटाने में समय लग रहा था इसलिए वीरवार को दोबारा जांच टीमें घटनास्थल पर गई थीं। बरामद किए गए सेफ्टी लीवर को जांच के लिए भेज दिया गया है। जांच के बाद इस बात का पता चल जाएगा कि फेंके गए हैंड ग्रेनेड का निर्माण कहां हुआ था।
मामले में कुछ लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनकी तलाश की जारी है। ऑटो चालक से पूछताछ चल रही है। अन्य किसी आरोपी को नहीं पकड़ा गया है। मामले में आतंकी एंगल पर भी जांच चल रही है। फुटेज में कैद हुए दोनों आरोपियों पर 2-2 लाख का इनाम घोषित किया गया है। मामले की जांच के लिए कई टीमें लगी हुई हैं। -कंवरदीप कौर, एसएसपी चंडीगढ़