सेक्टर-8 में रहने वाले कारोबारी से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम पर छह करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। फिरौती की रकम न देने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है। कारोबारी को दो बार विदेशी नंबर से फोन कर फिरौती मांगी गई। पुलिस ने सेक्टर-39 व सेक्टर-3 थाने में अज्ञात के खिलाफ डीडीआर दर्ज की है। साइबर सेल की मदद से पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस को दी शिकायत में कारोबारी ने बताया कि वह चार दिन पहले सेक्टर-40 में थे। उन्हें +601160780994 नंबर से फोन आया। बातचीत करने वाले ने कहा कि मैं तिहाड़ जेल से लॉरेंस बिश्नोई बोल रहा हूं। 15 लाख रुपये का इंतजाम कर लो। इसके साथ धमकी दी कि अगर रुपये नहीं दिए तो वह उसे और उसके पूरे परिवार को जान से मरवा देगा। फोन कटते ही कारोबारी ने तुरंत सेक्टर-39 थाने में पहुंचकर धमकी देने वाले के खिलाफ लिखित शिकायत दी।
बुधवार को कारोबारी अपने घर सेक्टर-8 में थे। दिन में करीब 12 बजे उसी विदेशी नंबर से फोन आया। खुद को लारेंस बिश्नोई बताते हुए 15 लाख के बजाय 6 करोड़ रुपये देने के लिए कहा। यह भी कहा कि ये पैसे बद्दी में एक प्रॉपर्टी डीलर को दे दें अन्यथा उसे व उसके पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। इस बारे में कारोबारी ने अब सेक्टर-3 थाने में लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर अज्ञात के खिलाफ दूसरी डीडीआर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, पुलिस के मुताबिक लॉरेंस बिश्नोई दिल्ली की तिहाड़ जेल में नहीं बल्कि गुजरात की एक जेल में बंद है।