योगगुरु बाबा रामदेव ने कहा है कि पतंजलि योगपीठ की ओर से ब्र्रेड उत्पादन का कोई इरादा नहीं है, लेकिन अगले साल तक डेयरी उत्पादों को बाजार में उतारा जाएगा। इससे घर-घर तक दूध व दुग्ध पदार्थ से बने उत्पाद पहुंचाए जाएंगे। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में रविवार को प्रेसवार्ता के दौरान रामदेव ने यह खुलासा किया।
सोशल मीडिया पर पतंजलि की ओर से देसी शराब व बीयर लाए जाने को लेकर चर्चाओं के बारे में पूछे गए एक सवाल पर रामदेव ने कहा कि सोशल मीडिया के बारे में कुछ नहीं कहेंगे, बल्कि इससे तो बिना खर्च पतंजलि का प्रचार ही होता है। उन्होंने कहा कि पतंजलि ऐसा कोई भी उत्पाद बाजार में नहीं लाएगी, जो सेहत के लिए नुकसान दायक हो। उन्होंने कहा कि पतंजलि छह विभिन्न प्रोजेक्टों पर काम कर रहा है। इसमें एक नेचुरल मेडिसिन, फूड, कास्मेटिक संबंधी उत्पाद तो बाजार में उतारे जा चुके हैं।
उन्होंने दावा किया कि अगले साल देश में स्वदेशी का राज होगा। पांचवें प्रोजेक्ट के रूप में पतंजलि अगले साल बाजार में डेयरी उत्पाद उतारने जा रहा है। छठे प्रोजेक्ट के बारे में कहा कि पतंजलि की ओर से तैयार दुग्धामृत पशु आहार को पशुपालकों का भरपूर समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि देश में इस समय बिक रहे पशु आहार में एक से चार फीसदी तक यूरिया पाया गया है, जो पशुओं को बेकार कर रहा है।
ऐसे उत्पाद खिलाने की बजाए पशुओं को सादा चारा ही खिला दिया जाए तो कम से कम उनकी सेहत खराब नहीं होगी। उन्होंने कहा कि दुग्धामृत के जरिए पतंजलि को पशुओं के लिए पौष्टिक आहार की व्यवस्था की है। इसके अलावा कीटरक्षक भी तैयार किया जा रहा है। पतंजलि इस उत्पाद को बेचने की बजाए किसानों को इसका निर्माण खुद करने का प्रशिक्षण देगी, ताकि उन पर आर्थिक बोझ न बढ़े।
दुबई में एक लाख लोगों को योग सिखाएंगे रामदेव
रामदेव ने कहा कि योग को विश्व स्तर पर पहचान दिलाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत व भारतीयता को सम्मानित करने का कार्य किया है। उन्होंने बताया कि वे अगले महीने दुबई में एक लाख लोगों को योग का अभ्यास कराएंगे। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर होगा जब किसी मुस्लिम देश में इतनी बड़ी संख्या में लोग एक साथ योग का अभ्यास करेंगे। उन्होंने बताया कि दुबई में किए जा रहे इस आयोजन में महिलाओं खासतौर पर बुर्का पहनने वाली महिलाओं को योग का अभ्यास कराने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है।