उधर, उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इस निर्णय से दोनों पक्षों को उनके अधिकार मिल सके हैं। इस लंबित विवाद पर सर्वोच्च न्यायालय ने सर्वसम्मति से एक संतुलित निर्णय दिया है। देश में सामाजिक सद्भाव मजबूती से विद्यमान व बरकरार है। हरियाणा प्रदेश में कानून एवं व्यवस्था पूर्णरूप से सही है और हरियाणा प्रदेश का एक-एक व्यक्ति सामाजिक सद्भाव को बनाए रखते हुए आगे बढता रहेगा।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रवीण अत्रेय ने कहा कि इस निर्णय की खास बात है कि पांच जजों की पीठ ने सर्वसम्मति से फैसला लिया। इस निर्णय से न केवल वर्षों से लंबित सभी मुद्दों का समाधान हुआ बल्कि यह निर्णय देश की शांति, एकता और सद्भावना की महान परम्परा को बल देने वाला है।
पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि देश के करोड़ों लोगों को सर्वोच्च न्यायलय के फैसले का इंतजार था। आज सर्वोच्च न्यायालय की खंडपीठ ने सर्वसम्मति से संवैधानिक मूल्यों को ऊपर रखते हुए फैसला दिया है। आज संविधान और कानून का राज साबित हुआ है और सभी वर्गों को ध्यान में रखकर शानदार और स्वागत योग्य फैसला दिया है।
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि अयोध्या मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा सुनाए गए फैसले का हम सम्मान करते हैं। मैं अपील करती हूं कि सभी वर्ग भारत के संविधान स्थापित तथा भाईचारे के उच्चे मूल्यों को निभाते हुए शांति व सौहार्द बनाए रखें।
अयोध्या मामले में आए सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हरियाणा पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। एडीजीपी लॉ एंड आर्डर नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि प्रदेश मे शांति बनी रहे, इसके लिए पुलिस ने कई जिलों में अतिरिक्त फोर्स भी लगाई है।
कुछ इलाकों को संवदेनशील के रूप में चिन्हित भी किया गया है। सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है। जबकि कई जिलों में पुलिस ने एहतिहातन फ्लैग मार्च भी निकाला है। उनके अनुसार जनता से भी शांति कायम रखने की अपील की जाती है।
धारा 144: कांग्रेस ने स्थगित किया हरियाणा में आंदोलन
अयोध्या मामले में आए सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में लगाई गई धारा-144 के चलते हरियाणा कांग्रेस ने फिलहाल अपने प्रदेश व्यापी आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है। हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने बताया कि हरियाणा कांग्रेस द्वारा प्रदेश में केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ चलाए जा रहे देशव्यापी आंदोलन को अगले निर्देश तक स्थगित कर दिया गया है।
उनके अनुसार प्रदेश के विभिन्न भागों में लगी धारा 144 के मद्देनजर हरियाणा कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ प्रदेश भर में 7 से 14 नवंबर तक चला चलाए जा रहे आंदोलन को स्थगित कर दिया है। उन्होंने कहा कि आंदोलन की अगली तारीखों के बारे में सूचित कर दिया जाएगा। उनके अनुसार भाजपा सरकार के खिलाफ यह आंदोलन डूबती अर्थव्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, कृषि संकट, बैंकिंग घोटालों इत्यादि मुद्दों को लेकर किया जा रहा था।