हिंदुओं और सिखों के बीच की सदियों पुरानी सांझ को तोड़ने के लिए अलगाववादी संगठन फिर सक्रिय हो गए हैं।
इस बार इन संगठनों ने राम मंदिर निर्माण के हो रहे भूमि पूजन कार्यक्रम को मुद्दा बना कर श्री अकाल तख्त के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह को एक पत्र लिखा है। अलगाववादी संगठन दल खालसा और सिख यूथ ऑफ पंजाब ने जत्थेदार को लिखे एक पत्र में आग्रह किया है कि वह पांच अगस्त को राम मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या में रखे गए कार्यक्रम में शामिल न हों।
दल खालसा के महासचिव परमजीत सिंह टांडा और सिख यूथ ऑफ पंजाब के अध्यक्ष परमजीत सिंह मंड ने जत्थेदार को पत्र लिखने के साथ-साथ उनसे बातचीत भी की है। जानकारी के अनुसार पत्र में लिखा गया है कि सिख प्रतिनिधियों को दो धर्मों में विवाद का मुद्दा रहे राम मंदिर निर्माण के शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल नहीं होना चाहिए।
सिख लीडरशिप राम मंदिर निर्माण कार्यक्रम में शामिल होने से करे गुरेज
अमेरिकन सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कोऑर्डिनेटर डॉ. प्रितपाल सिंह ने भी सिख लीडरशिप से अपील की है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने से गुरेज किया जाए। एक सिख के रूप में वह किसी धर्म या नस्ल के खिलाफ नहीं है।