चंडीगढ़। धनास लेक रोड स्थित गारबेज प्लांट के पास ऑटो चालक और उसके तीन साथियों ने एक सवारी (युवक) को थप्पड़ मार जबरन पांच हजार नकदी व मोबाइल छीनकर उसे चलते ऑटो से धक्का देकर फरार हो गए। आरोपियों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब पीड़ित काम से छुट्टी के बाद ऑटो से घर लौट रहा था। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ के मामला दर्ज कर ऑटो चालक और उसके साथियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में रवि (28) ने बताया कि वह पलसोरा में किराए के मकान में अकेले रहते हैं और सेक्टर-22 स्थित एक दुकान में वीडियोग्राफी का काम करते हैं। शनिवार रात करीब साढ़े 11 बजे काम से छुट्टी के बाद सेक्टर-22 के बस अड्डे के पास से पलसोरा स्थित अपने कमरे पर जाने के लिए ऑटो में बैठे। ऑटो में पहले से दो युवक पिछली सीट पर बैठे थे। इसके बाद ऑटो वाला सेक्टर 22/23 लाइट प्वाइंट के पास से एक और युवक को अगली सीट पर बैठाकर धनास लेक रोड गारबेज प्लांट के रास्ते पर चल पड़े। रास्ता गलत होने पर उन्होंने जब पूछा तो पिछली सीट पर बैठे दोनों युवकों ने उन्हें पकड़ लिया और अगली सीट पर चालक के बगल में बैठे युवक ने थप्पड़ मारकर जबरन उनकी जेब से पांच हजार रुपये, मोबाइल व जरूरी दस्तावेज छीन लिए। इसके बाद आरोपियों ने उन्हें ऑटो से धक्का देकर गिरा दिया और फरार हो गए।
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाल रही है ताकि आरोपियों का सुराग लग सके। बता दें कि पिछले कुछ महीनों से शहर के अलग अलग सड़कों पर रात को ऑटो में सवारी बैठाकर चालक व उसके साथी झपटमारी कर रहे हैं, पुलिस अब ऑटो की पहचान कर आरोपियों की गिरफ्तारी में जुट गई है।