लॉकडाउन से परेशान ऑटो पार्ट्स कारोबारी 75 वर्षीय अमृत सिंह ने बाथरूम में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। वह अपने बेटे सेक्टर-10 निवासी देवेंद्र थापर के घर आए थे। अमृत सिंह का दिल्ली और मोहाली में ऑटो पार्ट्स का बड़ा कारोबार है। सेक्टर-3 थाना पुलिस 174 सीआरपीसी के तहत छानबीन कर रही है।
घटना रविवार सुबह करीब 7.50 बजे की है। पुलिस के अनुसार अमृत सिंह पिछले काफी समय से परिवार के साथ नई दिल्ली के राजेंद्र नगर में रह रहे थे। उनका छोटा बेटा अमेरिका और बड़ा बेटा देवेंद्र थापर चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में मकान नंबर 545 में रहता है। अमृत सिंह लगभग 10 दिन अपने बेटे के पास चंडीगढ़ आए थे।
रविवार सुबह अमृत सिंह बाथरूम गए थे। काफी देर बाद जब बाहर नहीं निकले तो किसी तरह बेटे ने दरवाजा खोला। इस दौरान अमृत सिंह बाथरूम में सीलिंग फैन से पग के सहारे फंदे से लटके हुए थे। यह देखकर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने अमृत सिंह को फंदे से उतारकर सेक्टर-16 जीएमएसएच पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस की जांच में परिजनों ने बताया कि अमृत सिंह अक्सर फोन पर दोस्तों से देश-दुनिया में लगे लॉकडाउन के बारे में बात करते रहते थे। लॉकडाउन को लेकर वह काफी परेशान थे। पुलिस ने शव को जीएमएसएच-16 की मोर्चरी में रखवा दिया है, जहां कोरोना रिपोर्ट आने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।