‘फिल ह्यूज अन्य ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों से अलग थे। वे हमेशा कूल रहते और ट्रेनी प्लेयर्स में घुल-मिल जाते थे। मुझे आज भी वो टी-शर्ट और कैप याद है, जो उन्होंने मुझे गिफ्ट की थी।’ यह यादें पीसीए के ट्रेनी खुशप्रीत सिंह ने साझा कीं। वे ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की मौत से बेहद दुखी दिखाई दिए।
खुशप्रीत ने बताया कि ऑस्ट्रेलियाई टीम पिछले साल टेस्ट मैच के लिए मोहाली आई थी। उस दौरान ह्यूज ने सभी ट्रेनी गेंदबाजों को चैलेंज किया था। कहा था कि जो भी उन्हें बोल्ड करेगा, उसे वे अपनी टी-शर्ट और कैप देंगे।
खुशप्रीत ने ह्यूज को दो बार अपनी गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। इससे खुश होकर ह्यूज ने उन्हें अपनी टी-शर्ट और कैप भेंट की थीं। ये टी-शर्ट और कैप खुशप्रीत ने आज भी अपने पास संभाल कर रखी हुई हैं।