चंडीगढ़ की अंतरराष्ट्रीय एथलीट मान कौर (105) गॉल ब्लैडर के कैंसर से जूझ रही हैं। उनके बेटे गुरदेव सिंह (82) ने बताया कि मान कौर को पेट में दर्द रहता था, जिसके चलते उन्हें पटियाला में एक डॉक्टर के पास लेकर जाया गया। वहां अल्ट्रासाउंड में गॉल ब्लैडर में कैंसर की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ में दिखाया गया था। मान कौर को भूख भी कम लग रही है और लगातार उनका वजन भी घट रहा है। फिलहाल उनका होम्योपैथी इलाज चल रहा है।
बेटे गुरदेव सिंह ने बताया कि उन्हें किसी ने बताया है कि मध्य प्रदेश में होम्योपैथी का एक चैरिटेबल अस्पताल है, जहां पर गॉल ब्लैडर में कैंसर से पीड़ित कई लोग अपना इलाज करवा चुके हैं और अब वह लोग स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं। उन्होंने वहां के अस्पताल में संपर्क किया और मान कौर की बीमारी के संबधित पूरी जानकारी मुहैया करवाई। इसके बाद अस्पताल की ओर से दवाइयां भेजी गईं हैं। अभी उन दवाइयों का ही इस्तेमाल मान कौर कर रहीं हैं। गुरदेव सिंह ने कहा कि इन दवाइयों से सेहत में कुछ सुधार आते ही मध्य प्रदेश के अस्पताल में इलाज के लिए लेकर जाएंगे।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री भी हैं मान कौर की फिटनेस के कायल
एथलीट मान कौर चंडीगढ़ का मान और सम्मान हैं। देश और विदेश में कोविड काल से पहले तक लगातार मेडल जीतकर वह तिरंगे की शान बढ़ाती रही हैं। उनकी उपलब्ध्यिों को देखते हुए राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उन्हें नारी शक्ति पुरस्कार से समानित किया था। राष्ट्रपति भवन में सम्मान लेने के लिए वह जिस फुर्ती से स्टेज पर पहुंचीं थी, उसे देखकर राष्ट्रपति भी चकित रह गए थे। वहीं, प्रधानमंत्री आवास पर एक मुलाकात के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी उनके आगे दोनों हाथ जोड़कर खड़े हो गए थे।