चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय में स्नातक की ऑफलाइन कक्षाएं लगना अभी आसान नहीं हैं, क्योंकि अभी पीयू सभी परास्नातक विद्यार्थियों के लिए द्वार नहीं खोल रही। माना जा रहा है कि स्नातक की कक्षाएं इस शैक्षिक सत्र में ऑनलाइन ही चलेंगी।
पीयू ने वीरवार को बैठक करके कैंपस खोलने का निर्णय लिया और अब 13 सितंबर को कैंपस खुलेगा। पहले दिन चार विभागों के परास्नातक अंतिम वर्ष के छात्रों को बुलाया गया। सूत्रों का कहना है कि 20 से 25 दिन तक इन छात्रों की कक्षाएं लगेंगी। उसके बाद हालात देखे जाएंगे। यदि कोरोना के केस सामने नहीं आए तो अन्य पीजी के विद्यार्थियों को बुलाने की योजना बनाई जाएगी। स्नातक के विद्यार्थियों के लिए योजना सबसे आखिर में बनेगी। इस प्रक्रिया में छह माह तक का समय भी लग सकता है।
कुछ शिक्षकों का कहना है कि पीजी के सभी विद्यार्थियों को कैंपस में आने की अनुमति मिलनी चाहिए। वहीं स्नातक की कक्षाएं ऑनलाइन ही जारी रखी जानी चाहिए। इससे कैंपस में भीड़ एकत्रित नहीं हो सकेगी। कोरोना से बचाव जरूरी है और इसके लिए नियमों का पालन भी जरूरी है।