पटियाला में बीते रविवार को निहंग सिखों ने कर्फ्यू पास मांगने पर पुलिस पर हमला कर पंजाब पुलिस के एएसआई हरजीत सिंह (50) का हाथ काटकर अलग कर दिया था, जिसे पीजीआई के डॉक्टरों ने सात घंटे 50 मिनट की सर्जरी के बाद जोड़ दिया। सर्जरी के बाद अब एएसआई हरजीत सिंह की हालत में काफी सुधार है। हालांकि डॉक्टरों का कहना है कि एएसआई को अभी दस दिनों तक पीजीआई में ही रखना होगा।
डॉक्टरों का कहना है कि सर्जरी के बाद एएसआई के हाथ में ब्लड सर्कुलेशन ठीक चल रहा है। इसके अलावा हरजीत सिंह ने खाना-पीना भी शुरू कर दिया है। सर्जरी के शुरुआती 24 घंटे ठीक निकलने के बाद पीजीआई के डिपार्टमेंट ऑफ प्लास्टिक सर्जरी के एचओडी प्रो. आरके शर्मा का कहना है कि सब कुछ ठीक रहा तो 10 दिन के भीतर घायल एएसआई को पीजीआई से छुट्टी दे दी जाएगी।
ज्ञात हो कि पटियाला के सनौर रोड पर रविवार सुबह 7 से 8 निहंग सिखों ने कर्फ्यू पास मांगने के बाद हुए झगड़े के दौरान ड्यूटी पर तैनात एएसआई का हाथ काट दिया। घटना के बाद एएसआई को तत्काल पीजीआई चंडीगढ़ के एडवांस ट्रामा सेंटर में लाया गया। जहां 7 घंटे 50 मिनट की मेहनत के बाद सर्जन की टीम ने हाथ फिर से जोड़ दिया गया।
थ्री के वायर और प्लास्टिक सर्जरी से जुड़ा हाथ
पीजीआई के सीनियर डॉक्टरों ने पंजाब पुलिस के इस एएसआई के हाथ की नसों और हड्डियों को थ्री के वायर और प्लास्टिक सर्जरी की मदद से दोबारा जोड़ा। पीजीआई के सीनियर डॉक्टरों की टीम ने सुबह 10 बजे से एएसआई के हाथों का ऑपरेशन शुरू किया, जो लगभग 7 घंटे 50 मिनट तक चला। इसके बाद एएसआई का सफल ऑपरेशन कर हाथ दोबारा जोड़ दिया गया।
इन सीनियर डॉक्टर ने किया एएसआई का ऑपरेशन
पीजीआई की जिस प्लास्टिक सर्जरी टीम ने ये सर्जरी की उसमें सीनियर डॉक्टर सुनील गाबा और डॉक्टर जेरी आर रोहन के अलावा सीनियर रेजिडेंट डॉक्टर सूरज नायर, डॉक्टर मयंक, डॉ. चंद्रा और डॉ. शुभेन्द शामिल थे जबकि एनेस्थीसिया टीम में सीनियर रेजिडेंट डॉ. अंकुर, डॉ. अभिशेक और डॉ. पूर्णिमा शामिल थी।