सेक्टर-16 में रविवार शाम 7:30 बजे की घटना, पीसीआर में तैनात थे एएसआई अश्वनी कुमार
कार से उतरकर वीवीआईपी ने लगाई फटकार, सैल्यूट कर माफी मांगते रहे एएसआई, पुलिस लाइन भेजे गए
चंडीगढ़। एक तरफ पंजाब के डीजीपी का काफिला और दूसरी तरफ वीवीआईपी की कार। दोनों के बीच फंसे चंडीगढ़ पुलिस के एएसआई अश्वनी कुमार को ड्यूटी निभाना भारी पड़ गया। सेक्टर-16 में रविवार शाम डीजीपी के काफिले को सुरक्षित रास्ता देने के लिए उन्होंने वीवीआईपी की कार रुकवाकर साइड में लगवाई। डीजीपी का काफिला तो निकल गया लेकिन कार से उतरे वीवीआईपी ने एएसआई को जमकर फटकार लगाई। एएसआई बार-बार सैल्यूट कर माफी मांगते रहे। इसके बावजूद अगले ही दिन वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें सस्पेंड कर पुलिस लाइन भेज दिया।
सूत्रों के अनुसार रविवार शाम करीब 7:30 बजे पंजाब के डीजीपी की गाड़ी सेक्टर-16 के उनके सरकारी आवास से मटका चौक की ओर निकलनी थी। डीजीपी की गाड़ी एस्कॉर्ट के साथ आवास से बाहर निकली। इसी दौरान एक वीवीआईपी की कार सेक्टर-16 में एसएसपी के सरकारी आवास के सामने वाली सड़क से सेक्टर-16/23 के स्मॉल चौक की ओर जा रही थी।
एसएसपी आवास के पास पीसीआर में तैनात एएसआई अश्वनी कुमार ने डीजीपी की गाड़ी और एस्कॉर्ट को आते देखा। डीजीपी की सुरक्षा को खतरे की आशंका को देखते हुए उन्होंने वीवीआईपी की कार को रुकने और सड़क किनारे लगाने का इशारा किया। इसके बाद डीजीपी का काफिला सुरक्षित निकल गया।
जानते हो मैं कौन हूं... फिर शुरू हुई फटकार
डीजीपी का काफिला निकलते ही वीवीआईपी कार से नीचे उतरे और एएसआई से गाड़ी रोकने का कारण पूछा। एएसआई ने बताया कि डीजीपी और उनके एस्कॉर्ट को सुरक्षित रास्ता देने के लिए कार रुकवाई थी। सूत्रों के मुताबिक इस पर वीवीआईपी ने पूछा, ‘जानते हो मैं कौन हूं?’ इसके बाद उन्होंने अपना परिचय दिया। परिचय मिलते ही एएसआई ने उन्हें सैल्यूट किया लेकिन वीवीआईपी की नाराजगी कम नहीं हुई। वह लगातार फटकार लगाते रहे। इस दौरान एएसआई बार-बार सैल्यूट करते हुए ‘जी सर, जी सर, सॉरी सर’ कहते रहे। कुछ देर बाद वीवीआईपी अपनी कार में बैठकर जाने लगे तो एएसआई ने गाड़ी के दरवाजे के पास पहुंचकर दोबारा सैल्यूट किया। मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। घटना के अगले ही दिन वरिष्ठ अधिकारियों ने एएसआई अश्वनी कुमार को निलंबित कर पुलिस लाइन भेज दिया।
कोट
ड्यूटी में लापरवाही के चलते एडमनिस्ट्रेटिव ग्राउंड पर एएसआई अश्वनी को सस्पेंड किया गया है। - एसपीएस सोंधी
डीएसपी, पीसीआर चंडीगढ़