नए साल पर हरियाणा सरकार ने दिया तोहफा, हर साल देने होंगे सिर्फ 1500 रुपये
चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने आशा वर्कर, एचकेआरएन व एनएचएम कर्मियों को चिरायु योजना के दायरे में लाने का फैसला किया है। एक जनवरी, 2024 से 4754 आशा वर्कर्स, जिनकी वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये है और 24,051 एचकेआरएन कर्मचारी जो ईएसआई या ऐसी अन्य किसी योजनाओं के अंतर्गत कवर नहीं होते, उन्हें भी अब इस योजना का लाभ मिलेगा। साथ ही, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के 7814 अनुबंध कर्मचारियों को भी आयुष्मान-चिरायु हरियाणा योजना के अंतर्गत लाभ दिया जाएगा। इन सभी से सलाना 1500 रुपये लिए जाएंगे। लाभार्थी परिवार के सदस्य सफल ई-केवाईसी और आयुष्मान चिरायु कार्ड बनवाने के लिए अपने निकटतम नागरिक सेवा केंद्रों या सार्वजनिक अस्पतालों में पीएमएएम काउंटर पर जा सकते हैं। इसके अलावा, लाभार्थी https://chirayuayushmanharyana.in/ पर स्वयं पंजीकरण के माध्यम से अपना कार्ड बना सकते हैं।
उल्लेखनीय है कि चिरायु हरियाणा योजना के माध्यम से राज्य की आधी आबादी को सरकारी व निजी अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज की सुविधा मिल रही है। अब तक कुल 1.3 करोड़ से अधिक आयुष्मान और चिरायु कार्ड बनाए जा चुके हैं। इसमें 74,33,548 चिरायु कार्ड और 28.89 लाख आयुष्मान कार्ड शामिल हैं। आयुष्मान और चिरायु हरियाणा योजना के तहत प्रदेश में लगभग नौ लाख मरीजों के इलाज के लिए 1130 करोड़ रुपये से अधिक के क्लेम दिए जा चुके हैं।