अरविंद केजरीवाल ने पांच दरियाओं की धरती पंजाब को पांच दायरों में बांधते हुए कई बड़ी घोषणाएं की। मजीठियां और राहुल गांधी पर बरसे। अमृतसर के मजीठा में केजरीवाल ने चुनाव प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने पंजाब में कृषि, उद्योग, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था को सुधारने का बीड़ा उठाया।
मजीठा में केजरीवाल ने कहा कि बुजुर्गों को मुहल्ला क्लीनिक पर फ्री दवाइयां मिलेंगी तो बच्चों को आधुनिक एजूकेशन सेंटर में फ्री शिक्षा। हर बुजुर्ग और विधवा की पेंशन होगी, भ्रष्टाचार की कोई टेंशन नहीं होगी। नशे के व्यापारी जेल जाएंगे, चाहे मंत्री हो या उनके रिश्तेदार।
केजरीवाल ने बिक्रम मजीठिया का नाम लेते हुए कहा कि अब पाप का घड़ा भर चुका है, जेल जाने के दिन गिनो। केजरीवाल ने कहा कि नशे के तस्कर कोई भी हो जेल के अंदर होंगे, जो नशे की दुनिया में साथ देते रहे हैं। सब सबूत हैं, सब जेल जाएंगे, 100 परसेंट कन्फर्म हैं।
राहुल के साथ-साथ कैप्टन अमरिंदर सिंह पर बरसे
अमृतसर के मजीठा में केजरीवाल की रैली
केजरीवाल ने राहुल गांधी के साथ-साथ कैप्टन अमरिंदर सिंह पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल मजीठा आते हैं, साथ में कैप्टन और सिद्धू होते हैं। रैली को संबोधित करते हैं लेकिन नशा किसी के जुबान पर नहीं होता, क्यों। क्या कनेक्शन है भाजपा का नशा से।
पंजाब में विकास केवल नशे का हुआ है। दुख की बात है कि नशा खुद सरकारें बिकवा रही हैं, मुनाफा हजम कर रही हैं। अंत में केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में शिअद-भाजपा और कांग्रेस सत्ता में आने के सपने छोड़ लंबी, जलालाबाद और पटियाला की सीटें संभाले, जिन सीटों पर उनकी हाईकमान लड़ रही है।
मैं तो कहता हूं कि पंजाब में बड़ी-बड़ी रैलियों को संबोधित करने वाले बादल व उनके परिवार की खुद की सीट जीत लें, बड़ी बात है। पंजाब जीतना अब आसान नही है, आम आदमी आप पार्टी के साथ है।