10 केंद्र खोलेगी सरकार, मुफ्त में मिलेगी यूपीएससी की कोचिंग
भगवंत मान ने एलान किया कि विद्यार्थियों को मुफ्त में संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की तैयारी कराने के लिए पंजाब में 10 अत्याधुनिक सेंटर खोले जाएंगे। यह सेंटर नौजवानों को क्वालिटी कोचिंग देंगे ताकि वे प्रदेश व देश के अहम ओहदों पर आसीन हो सकें। उनकी सरकार का उद्देश्य पंजाब के नौजवानों को सम्मानित ओहदों पर बिठाना है न कि गैरकानूनी गतिविधियों में धकेल कर जेलों में डालना।
14 हजार यूथ क्लबों को पुनर्जीवित करेंगे
सीएम मान ने एलान किया कि नशे से हटाकर नौजवानों को खेलों की तरफ लाना है। इसलिए पंजाब के 14000 खेल व यूथ क्लबों को पुनर्जीवित किया जाएगा। इसी के तहत नौजवानों को रोजगार देने के लिए पंजाब पुलिस में पद निकाले गए हैं। इन पदों के लिए मई-जून में पेपर होगा, जबकि अक्तूबर में शारीरिक टेस्ट होगा। उन्होंने कहा कि भर्ती पूरी तरह से पारदर्शी व मेरिट के आधार पर होगी।
महीने में दो नौजवान सभा होंगी
मान ने बताया कि सूबे के अलग-अलग शहरों में महीने में दो नौजवान सभाएं की जाएंगी। इसमें भाग लेने वाले युवक कोई अच्छा आइडिया लेकर आएंगे और स्टार्टअप शुरू करना चाहेंगे तो उन्हें बिना ब्याज के लोन देकर सरकार मदद करेगी। उन्होंने बताया कि अब तक 504 मोहल्ला क्लीनिक खोले जा चुके हैं, जिनमें से 151 शहर व 353 ग्रामीण क्षेत्रों में खोले गए हैं। इन मोहल्ला क्लीनिकों में अब तक 21 लाख 21 हजार लोग अपना इलाज करा चुके हैं। मोहल्ला क्लीनिकों के खुलने से बड़े अस्पतालों पर मरीजों का भार कम हुआ है।
अमरिंदर सिंह की बेटी ने किया प्रदर्शन
भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल के समागम स्थल पोलो ग्राउंड के बाहर बुधवार को पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह की बेटी व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष जयइंद्र कौर ने प्रदर्शन किया। उन्होंने फसलों के नुकसान का किसानों को प्रति एकड़ 30 हजार रुपये मुआवजा देने की मांग की। जयइंद्र कौर और उनके समर्थकों ने गेहूं के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान एडीसी गौतम जैन ने जयइंद्र कौर से सीएम भगवंत मान के नाम वाला मांगपत्र लिया।
जयइंद्र कौर ने कहा कि इस समय सीएम मान को किसानों की सुध लेनी चाहिए लेकिन वह अरविंद केजरीवाल को खुश करने के लिए योगशाला खोलने में लगे हैं। जल्द से जल्द गिरदावरी का काम पूरा करवाया जाना चाहिए। मान सरकार ने कम मुआवजा राशि घोषित की है। किसान गलत गिरदावरी की भी शिकायत कर रहे हैं।