भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज (भावाधस) आने वाले विधानसभा चुनाव में वाल्मीकि समाज आम आदमी पार्टी का बहिष्कार करेगा। समाज के प्रभारी अमृतसर राजकुमार साथी ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने अमृतसर दौरे के दौरान वाल्मीकि तीर्थ न जाकर वाल्मीकि समाज की आस्था का अपमान किया है।
साथी ने कहा कि भावाधस पंजाब ही नहीं, बल्कि देश भर में रहने वाले वाल्मीकि समाज का सबसे बड़ा संगठन है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पहले भी ओबीसी को मिले आरक्षण का विरोध करते रहे हैं। वाल्मीकि समाज के वोट हासिल कर सत्ता में आए केजरीवाल ने दिल्ली में भी समाज के विधायकों को उनकी संख्या के हिसाब से कैबिनेट मंत्री नहीं बनाया।
उन्होंने बताया कि सर्वोच्च निदेशक स्वामी चंद्रपाल अनार्य और मुख्य संचालक वीरश्रेष्ठ नरेश धींगान की अगुवाई में 16-17 जुलाई को उत्तराखंड में हो रही संगठन की केंद्रीय कमेटी की मीटिंग के दौरान इस विषय पर चर्चा की जाएगी।