रोहतक के छोटूराम स्टेडियम में 1 फरवरी को हुई सेना भर्ती की लिखित परीक्षा को रद कर दिया गया है। इसके पीछे पेपर लीक होना बताया जा रहा है। हालांकि तब सैन्य अधिकारियों ने पेपर लीक होने के बातों को सिरे ने नकार दिया था।
बता दें कि रोहतक, झज्जर, सोनीपत और पानीपत जिले के 1800 अभ्यर्थियों ने सैनिक जनरल ड्यूटी श्रेणी की यह लिखित परीक्षा दी थी। झज्जर में भर्ती रैली में शारीरिक और मेडिकल परीक्षा पास करने के बाद इन युवाओं को इस परीक्षा के लिए चुना गया था1 फरवरी को सर छोटूराम स्टेडियम में आयोजित की गई थी। परीक्षा रद करने का कारण 1 फरवरी को परीक्षा से पहले ही चर्चाओं का बाजार गरमा गया था कि भर्ती का पेपर लीक हो गया है।
‘अमर उजाला’ ने इस बात को प्रमुखता से प्रकाशित किया कि पेपर अभ्यर्थियों को 3 से 5 लाख रुपये में मुहैया कराए जाने की बात कही जा रही थी। सुबह परीक्षा के समय सैन्य अधिकारियों तक पेपर लीक होने की सूचनाएं आती रही थी। यहां तक कि सिविल डिफेंस से जुड़े दो व्यक्तियों ने भी यह बात अधिकारियों तक पहुंचाई थी। लेकिन अफसरों ने इसे सिरे से नकार दिया। अफवाहों के बीच हुई परीक्षा में एक प्रश्न पत्र खो जाने से लिखित परीक्षा स्थल पर हंगामा भी हुआ।
पेपर नहीं मिलने पर अभ्यर्थियों के कपड़े तक उतरवा कर जांच की गई थी। हालांकि बाद में पेपर जमीन में दबा हुआ मिल गया था और परीक्षा पूरी कराने की घोषणा भी कर दी गई थी। आला अधिकारियों ने सेना भर्ती कार्यालय पहुंच कर जानकारी ली थी।