अमृतसर देहात पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले एक सैनिक मलकीयत सिंह उर्फ फौजी को गिरफ्तार किया है। भारत-पाकिस्तान सीमा के साथ सटे गांव महावा का रहने मलकीयत डेढ़ साल पहले ही फौज में भर्ती हुआ है। आजकल उसकी पोस्टिंग कश्मीर में है।
एसएसपी विक्रम सिंह दुग्गल के अनुसार मलकीयत व्हाट्सएप और मेल के माध्यम से पाकिस्तान के कुख्यात तस्करों और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में था। मलकीयत सिंह इन एजेंटों को सेना की अति संवेदनशील छावनियों की फोटो, सेना के ट्रेनिंग कैंपों और महत्वपूर्ण ठिकानों के नक्शों की जानकारी देता था।
एसएसपी ने बताया कि पुलिस को इस बात की जानकारी मिल रही थी कि महावा का एक फौजी पाकिस्तान का जासूस बन चुका है। मलकीयत जब इस बार छुट्टी में गांव आया तो पुलिस ने उसकी हर गतिविधि पर नजर रखनी शुरू कर दी।
आठ मई को जब मलकीयत भारतीय फौज और बीएसएफ के खासा स्थित मुख्यालयों के पास जासूसी के लिए मंडरा रहा था तो उस पर पहले से ही नजर रख रहे घरिंडा पुलिस के एसएचओ प्रभजोत सिंह और उनकी टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कई संवेदनशील दस्तावेज बरामद
एसएसपी ने बताया कि उसके कब्जे से कई फोटो, तीन मोबाइल, भारतीय सेना का ट्रेनिंग मैनुअल, भारतीय सेना की मूवमेंट डिटेल, मिलिट्री एरिया की संवेदनशील जानकारी से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
उससे भारतीय सुरक्षा एजेंसी के कई अधिकारी भी पूछताछ कर रहे हैं। खुफिया एजेंसी जांच में इस बात पर भी फोकस कर रही हैं कि कश्मीर में तैनात इस पाकिस्तानी जासूस ने कौन-कौन सी सैन्य जानकारी उपलब्ध करवाई है।