तीसरे मिलिट्री लिटरेचर फेस्ट का असली रोमांच शनिवार से शुरू हो गया। जांबाज ऐसे-ऐसे करतब दिखाएंगे, देखकर आपका तन-मन रोमांच से भर जाएगा। हालांकि इस फेस्ट के अंतर्गत पंजाब व चंडीगढ़ में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं, लेकिन इस मेले की रोमांचक गतिविधियां आज से शुरू हुईं। जिसके अंतर्गत चंडीगढ़ के राजेंद्र पार्क में आज से दो दिवसीय ज्ञानवर्द्धक प्रदर्शनी और हैरतअंगेज एडवेंचर की शुरूआत हुई, जिसमें दांतों तले अंगुली दबाने वाले जांबाजों के जलवों देखने को मिले।
पंजाब सरकार व वेस्टर्न कमांड के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे इस सेना मेले में शनिवार को इंवेट की शुरूआत सैन्य हथियारों, गोला-बारूद व निगरानी उपकरणों की बेहतरहीन प्रदर्शनी से हुई। ये प्रदर्शनी न केवल लोगों के लिए ज्ञानवर्द्धक होगी, बल्कि सेना में जाने के इच्छुक युवाओं के लिए सेना की ताकत को समझने में बड़ी मददगार भी साबित होगी। सेना की ताकत को प्रदर्शित करने वाले नए व पुराने हथियारों को इस प्रदर्शनी में सहेजकर रखा गया है।