पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या में जिन हथियारों का इस्तेमाल किया गया, वह एके सीरीज के थे। इस हत्याकांड की जांच में जुटी एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) के एडीजीपी प्रमोद बान ने गुरुवार को पुलिस मुख्यालय में बुलाई प्रेस कॉन्फ्रेंस में मूसेवाला हत्याकांड के संबंध में कई अहम खुलासे किए। उन्होंने बताया कि इस मामले में मूसेवाला की रेकी करने वाले संदीप केकड़ा के साथी बलदेव निक्कू को गुरुवार को गिरफ्तार किया गया, जिसने न सिर्फ केकड़ा के साथ रेकी की बल्कि मूसेवाला जैसे ही अपनी थार में घर से निकले, इन दोनों ने बाइक पर उनका पीछा किया और आगे मोड़ पर पहले से बोलेरो और कोरोला वाहनों में सवार शूटरों को इशारा भी कर दिया। वारदात के बाद इन दोनों ने मोबाइल पर वीडियो के जरिये गोल्डी बराड़ को इसकी सूचना भी दी। एडीजीपी ने बताया कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से अब तक पूछताछ में यह साफ हो चुका है कि मूसेवाला हत्याकांड का मास्टरमाइंड लॉरेंस ही था और वह तिहाड़ जेल से मोबाइल के जरिये अपने साथियों के साथ संपर्क में रहा।