फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मान का बड़ा कदम: पंजाब में एंटी करप्शन हेल्पलाइन नंबर 9501200200 जारी, कोई रिश्वत मांगे तो ऑडियो व वीडियो भेजें

Wed, 23 Mar 2022 12:56 PM IST
निवेदिता वर्मा संवाद न्यूज एजेंसी, हुसैनीवाला बार्डर/नवांशहर (पंजाब)

सार

भगत सिंह के शहीदी दिवस पर बुधवार को हुसैनीवाला और खटकड़कलां में राज्यस्तरीय समारोह किया गया। सीएम भगवंत मान ने पहले हुुसैनीवाला में शहीदों को नमन किया। इसके बाद वे खटकड़कलां पहुंचे। 
विज्ञापन
खटकड़कलां में शहीदों को श्रद्धांजलि देते सीएम भगवंत मान। - फोटो : twitter @AAPPunjab
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बॉर्डर स्थित शहीदी स्मारक पर आयोजित शहीदी मेले में पहुंचकर शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु व सुखदेव के अलावा बीके दत्त व पंजाब माता विद्यावती की समाधि पर फूल मालाएं अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद मान ने भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन नंबर 9501200200 जारी कर एक माह में पंजाब के सरकारी दफ्तरों से रिश्वतखोरी पर पूर्ण रूप से नकेल कसने का प्रण लिया। मान ने कहा कि उनका मंत्री, विधायक, अधिकारी व सरकारी मुलाजिम रिश्वत लेता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन


कोई भी मंत्री-विधायक, अधिकारी या कर्मचारी किसी काम के बदले आपसे रिश्वत या कमीशन मांगे तो उसे देने से मना न करो, बल्कि एक वीडियो या ऑडियो बनाकर भ्रष्टाचार विरोधी हेल्पलाइन नंबर पर भेज दें। इसके बाद हमारी सरकार इसकी जांच करवाएगी और अगर कोई आरोपी पाया गया तो उसे किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। 

उन्होंने कहा कि पंजाब की जनता से वादा किया था कि राज्य में से भ्रष्टाचार की बीमारी को जड़ से खत्म किया जाएगा। शहीदी दिवस के मौके पर भ्रष्टाचार मुक्त पंजाब की शुरुआत कर दी है। इसमें लोगों का सहयोग भी चाहिए। मान ने कहा कि शहीदों की तरफ से आजाद भारत के संजोए सपने साकार करने की जिम्मेदारी अब उनकी सरकार की है। 
विज्ञापन


लोगों से साफ-सुथरा और ईमानदार शासन देने के किए वादे को हर हाल में पूरा करेंगे। शहीदों के सपनों को घर-घर पहुंचाएंगे। उनकी सरकार नौजवानों को सरकारी नौकरियां देने, कच्चे मुलाजिमों को पक्के करने की प्रक्रिया को व्यावहारिक रूप देने समेत लोगों के हित में और भी कई फैसले ले रही है।

शहीदों को श्रद्धांजलि भेंट करने के बाद मुख्यमंत्री ने विजिटर बुक में अपनी भावनाएं प्रकट करते लिखा, आज शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की समाधियों पर माथा टेककर बहुत सुकून मिला। आज उनकी सपनों की आजादी को घर-घर पहुंचाने की जरूरत है। यही अरदास है कि शहीदों की आत्मा और परमात्मा हमें बुद्धि और बल प्रदान करे।
 

भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को शहीद का दर्जा दिलाने के ठोस प्रयास करेंगे: सीएम मान
सीएम भगवंत मान ने बुधवार को शहीद-ए-आजम भगत सिंह के गांव खटकड़कलां में शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कहा कि प्रदेश सरकार भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को शहीद का दर्जा दिलाने के लिए ठोस प्रयास करेगी। उन्होंने भगत सिंह के भतीजे के परिवार से मुलाकात की और भरोसा दिलाया कि भारत की आजादी के महानायक और उनके दोनों साथियों को शहीद का दर्जा दिलाने के हर संभव यत्न करेंगे। 

उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि आजादी के 70 साल से अधिक बीत जाने के बाद भी इन नायकों को यह दर्जा नहीं दिया गया। इस दौरान भगवंत मान ने विजिटर बुक में लिखा कि खटकड़कलां की पवित्र धरती हमेशा मेरे दिल के बहुत नजदीक रही है। संग्रहालय में दर्शाए गए शहीद के जीवन विवरणों और निजी चीजों ने मुझे भावुक कर दिया है। 

शहीद-ए-आजम के सपनों को साकार करना हमारा नैतिक फर्ज है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खटकड़कलां स्थित संग्रहालय घर का दौरा भी किया। मुख्यमंत्री ने शहीद के पारिवारिक सदस्यों को भी सम्मानित किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शहीद के पिता स्वर्गीय किशन सिंह की समाधि पर भी श्रद्धांजलि भेंट की। उन्होंने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित किया और सरदार भगत सिंह के परिवार के पैतृक घर को भी नमन किया।

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें