आखिर वही हुआ, जिसकी संभावना थी। पंजाब में 2014-15 के लिए बिजली की नई दरें, पटियाला व तलवंडी साबो उप चुनाव के लिए वीरवार को होने वाले मतदान के एक दिन बाद शुक्रवार को घोषित होंगी। दरें आठ से 10 फीसदी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
2014-15 के टैरिफ की घोषणा के लिए पंजाब स्टेट इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन (पीएसईआरसी) प्रदेश सरकार से जारी हुए सब्सिडी से संबंधित पत्र का इंतजार कर रहा था। इसके प्राप्त होते ही नई बिजली दरें घोषित करने के लिए 22 अगस्त की तिथि तय कर दी गई है।
पीएसईआरसी की चेयरपर्सन रोमिला दुबे ने कहा कि सरकार ने कृषि क्षेत्र, बीपीएल, दलित परिवारों को मुफ्त में दी जाने वाली बिजली से संबंधित सब्सिडी देने पर औपचारिक सहमति का पत्र भेज दिया है। बता दें कि सब्सिडी से संबंधित पंजाब सरकार की मंजूरी का पत्र गत बुधवार को सिविल सचिवालय से चला था, लेकिन इसके कमीशन पहुंचने में एक हफ्ते का समय लग गया।
इससे सवाल खड़ा हुआ कि कहीं इस पत्र की धीमी रफ्तार के लिए पटियाला व तलवंडी साबो उप चुनाव तो जिम्मेदार नहीं हैं, क्योंकि सब्सिडी से संबंधित पत्र कमीशन पहुंचते ही 2014-15 के लिए नए बिजली टैरिफ की घोषणा होनी तय थी।
अगर यह घोषणा मतदान की तिथि 21 अगस्त से पहले हो जाती तो इसका प्रतिकूल असर अकाली-भाजपा गठबंधन के उम्मीदवारों के भविष्य पर पड़ सकता था, क्योंकि लोगों में इसका सीधा संदेश तो यही जाता कि सरकार ने बिजली दरें बढ़वा दीं।
बेशक, बिजली टैरिफ से सरकार का कोई लेना-देना नहीं होता और पीएसईआरसी एक स्वतंत्र एजेंसी के तौर पर इसका निर्धारण करती है। फिर भी विपक्ष इसे सरकार के खिलाफ इस्तेमाल कर सकता था।
इस आशंका के मुताबिक ही बात सामने आई और मतदान से एकदम पहले पत्र कमीशन पहुंचा। अब मतदान के अगले ही दिन नई दरों की घोषणा होने जा रही है। ‘अमर उजाला’ ने इससे संबंधित खुलासा 19 अगस्त के अंक में ही कर दिया था।