मोहाली के बलौंगी में पुलिस ने तस्करी के लिए जा रहे पशुओं से भरे ट्रक को पीछा कर काबू किया है। जबकि पशु तस्कर भागने में कामयाब रहे।
ट्रक से 17 पशु पुलिस ने बरामद किए है। इनमें से तीन की दम घुटने से मौत हो गई थी। हालांकि अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई। पुलिस ने सभी पशुओं को गोशाला में छोड़ दिया है।
वहीं, ट्रक को कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया। साथ ही हरियाणा स्टेट ट्रांसपोर्ट विभाग को पत्र लिखकर ट्रक के बारे में जानकारी मांगी है। ताकि आरोपियों को गिरफ्तार किया जा सकें।
जानकारी के मुताबिक, वीरवार रात पुलिस बलौंगी बैरियर पर नाका लगाया हुआ था। तभी पुलिस को सूचना मिली की हरियाणा नंबर के एक एलपी ट्रक में पशुओं को तस्करी के लिए लेकर जा रहे हैं।
रात तीन बजे जैसे ही ट्रक बैरियर पर पहुंचा तो नाके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने ट्रक चालक को रोकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर चालक ने ट्रक तेजी से दौड़ा लिया।
इस दौरान पुलिसकर्मी घायल होने से बच गए। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने ट्रक का पीछा करना शुरू कर दिया। वेरका चौक के पास पुलिस ने ट्रक को घेर लिया।
साथ ही ट्रक चालक को गाड़ी रोकने के लिए मजबूर कर दिया। इसके बाद ट्रक चालक छलांग लगाकर जंगल की तरफ भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा भी किया।
लेकिन, अंधेरा होने के चलते वह भागने में कामयाब रहा। पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उसमें पशु थे। इसके बाद पुलिस ट्रक को गोशाला ले गई।
ट्रम में दम घुटने से तीन पशुओं की मौत हो चुकी थी। मरे तीनों पशुओं का पशु पालन विभाग के डॉक्टरों ने पोस्टमार्टम किया। वहीं, पशुओं के पकड़ने की सूचना मिलते ही काफी संख्या में पशु प्रेमी भी गोशाला पहुंचे।
तीन पशुओं को चढ़ाया ग्लूकोज
गोशाला के प्रमुख भूपिंदर शर्मा ने बताया कि ट्रक से उतारे गए तीन पशुओं की जहां मौत हो गई थी। वहीं, तीन पशुओं की हालत नाजुक हो गई थी। जिन्हें गोशाला में ग्लूकोज चढ़ाया गया। शाम तक एक पशु की हालत में थोड़ा सुधार हो गया था। जबकि दो अन्य की हालत नाजुक बनी हुई थी।
अपनी तरह का पहला मामला
शहर में इतनी बड़ी संख्या में तस्करी के लिए जा रहे पशुओं को पकड़ने का यह पहला मामला है। इससे पहले कुराली और बनूड़ में पुलिस ने पशुओं से भरे ट्रक जरूर पकड़े हैं।