चंडीगढ़। चंडीगढ़ में चंडीगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित 5वें महाराजा अग्रसेन प्राइज मनी मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट में शनिवार को कई वर्गों के क्वार्टरफाइनल सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबले खेले गए।
मिक्स्ड डबल्स 100 प्लस वर्ग में अनिल श्रीवास्तव और गीता महाजन की जोड़ी ने नारिंदर पाल सिंह और कविता चंद्रा को सीधे गेम में हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। वहीं उमेश अग्रवाल और मानसी कोचर ने तीन गेम के कड़े मुकाबले में राकेश कुमार बंसल और भावना रावत को पराजित किया। इसी वर्ग में आलोक मीणा और शशि यादव ने प्रवीण शर्मा और मनीषा प्रेसवाला को सीधे गेम में हराया।
110 प्लस वर्ग में जितेंद्र बिष्ट और चंदना कोंजेंगबाम दत्ता ने दोनों गेम में जीत दर्ज की जबकि दलवीर सिंह सूरी और शिलाजा आर ने संघर्षपूर्ण मुकाबले में जीत हासिल की। 120 प्लस वर्ग में भैलालभाई वालंद और तारामती परमार तथा रोमेश शर्मा और दिलनाज एंकलेसरिया ने अपने अपने मुकाबले जीतकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
130 प्लस वर्ग के सेमीफाइनल में बलबीर सिंह जम्वाल और रेनू मेहता ने अनिल गुरखा और नीरा पासरिचा को हराया। पुरुष डबल्स 70 प्लस में अनुज भास्कर और विवेक कौशिक ने जीत दर्ज की।
70 प्लस मिक्स्ड डबल्स में राहुल कपूरवान और माला गाबा शीर्ष वरीय जोड़ी के रूप में शानदार जीत के साथ आगे बढ़े। 80 प्लस और 90 प्लस वर्गों में भी कई मुकाबले तीन गेम तक चले और दर्शकों को रोमांचक खेल देखने को मिला।
महिला एकल 40 वर्ग के फाइनल में चंडीगढ़ की बिन्नी बंसल ने निशा जैन को सीधे गेम में हराकर खिताब अपने नाम किया। पुरुष एकल 35 और 40 वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबलों में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिला।