आगामी चुनाव को लेकर पूरी तरह से इलेक्शन मोड में आई भाजपा ने हरियाणा को लेकर टारगेट तय कर लिए हैं। भाजपा सूबे में दस की दस लोकसभा सीटें जीतना चाहती है। लिहाजा इसे लेकर मंत्रियों, विधायकों व पार्टी पदाधिकारियों को कमर कसने के लिए भाजपा आलाकमान ने निर्देश दे दिए हैं। इसी लक्ष्य के मद्देनजर हरियाणा के भाजपाई प्रदेश में अब मोदी सरकार की उपलब्धियों से सियासी जमीन और मजबूत करने में एक अभियान के तहत जुटेंगे।
ऐसे ही कई एजेंडों को लेकर शुक्रवार दिल्ली स्थित हरियाणा भवन में भाजपा के अध्यक्ष अमित शाह ने हरियाणा के सीएम मनोहर लाल समेत मंत्रियों और पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली। यह बैठक लोकसभा चुनाव की देखरेख समिति की थी, जिसमें शाह ने प्रदेश के मंत्रियों व विधायकों का रिपोर्ट कार्ड भी खंगाला। साथ ही उन्हें आगामी चुनावों को लेकर पूरी तरह सक्रिय व गंभीर होने के भी निर्देश दिए।
शाह ने इस दौरान हरियाणा में वर्तमान सरकार के कामकाज और सियासी माहौल पर चर्चा की। सरकार बूथ स्तर वर्करों और सोशल मीडिया को कैसे मजबूत करेगी, यह फीडबैक भी हरियाणा भाजपा ने अध्यक्ष अमित शाह को दिया। शाह ने हरियाणा के भाजपाइयों ने उन लक्ष्यों पर भी चर्चा की, जो उन्हें दिए गए थे। बताया जा रहा है कि इस मसले पर शाह संतुष्ट नजर आए। बूथ व मंडल स्तर पर पार्टी ने जिन इकाइयों का गठन करना था, उस पर भी बैठक में चर्चा की गई।
भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला ने कहा कि बैठक में सरकार, मंत्रियों व विधायकों की कार्यशैली और भविष्य में चुनावों की तैयारी को और कैसे मजबूत किया जाए, इस पर भी चर्चा की गई। उनके अनुसार बैठक में लोकसभा चुनावों को लेकर उम्मीदवारों पर कोई चर्चा नहीं की गई है। बराला ने कहा कि भाजपा का राजनीतिक अभियान का स्वरूप तैयार करने के लिए अगली बैठक भी शीघ्र होगी।