अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा संचालित अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा-2016 रविवार को देश भर कई राज्यों के साथ चंडीगढ़ में भी आयोजित की गई। कई महीनों से परीक्षा की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था।
परीक्षा देने के लिए युवा तय समय से एक घंटा पहले ही परीक्षा केंद्र पर पहुंच गए। रविवार चंडीगढ़ के सेक्टर-27 ए स्थित मोतीराम आर्य सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में परीक्षा ली गई। छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए ट्राइसिटी के साथ ही पंजाब, हरियाणा से करीब 400 स्टूडेंट्स ने परीक्षा में हिस्सा लिया। अतुल माहेश्वरी परीक्षा में 9वीं से 12वीं क्लास के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। परीक्षा दिलाने के लिए दूर दराज के इलाकों से आए विद्यार्थियों के साथ अभिभावक भी हौसला अफजाई के लिए पहुंचे।
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा सुबह 10 बजे शुरू हुई। करीब डेढ़ घंटे की परीक्षा में विद्यार्थियों को 100 सवाल हल करने के लिए मिले। आब्जेक्टिव परीक्षा में स्टूडेंट्स को चार में से एक सही विकल्प चुनना था। परीक्षा देने आए विद्यार्थियों ने कहा कि प्रश्न पत्र काफी संतुलित था और उसमें सभी विषयों से जुड़े सवाल पूछे गए हैं। कई स्टूडेंट ने तय समय से पहले ही परीक्षा में पूछे गए सवालों को पूरा कर लिया।
सेक्टर-27 के मोतीराम आर्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हुई परीक्षा
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
परीक्षा केंद्र से पेपर देकर बाहर निकल रहे विद्यार्थियों के चेहरे पर पेपर बेहतर होने का सुकून साफ झलक रहा था। अमर उजाला की ओर से दृष्टिहीन परीक्षार्थियों को राइटर से मदद लेने का विकल्प भी दिया था। परीक्षा का रिजल्ट अमर उजाला अखबार में जल्द घोषित किया जाएगा। परीक्षा का मकसद होनहार और गरीब जरूरतमंद विद्यार्थियों को स्कॉलरशिप देकर उनके सपनों को पूरा करने में मदद करना है।
मोतीराम आर्य स्कूल के प्रिंसिपल सरोज सावंत ने कहा कि अमर उजाला की ओर से दी जा रही अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति से कई जरूरतमंद और पढ़ाई में अव्वल स्टूडेंट की आर्थिक मदद होती है। उन्होंने आग्रह किया कि अमर उजाला इसे भविष्य में भी जारी रखे।
गौरतलब है कि अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन देश भर के 24 शहरों में 32 परीक्षा केंद्रों पर किया जा रहा है। 37 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने परीक्षा के लिए आवेदन किया था। परीक्षा में अव्वल आने वाले विद्यार्थियों को नगद स्कॉलरशिप दी जाएगी।
छात्रवृत्ति परीक्षा से मिली सीख
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा देने के बाद परीक्षार्थियों से बीत की गई। इसमें अंबाला, से आए पारस, प्रिंस, शिखर, कपिल, शिवम सिंह, रमनदीप कौर ने कहा कि इस तरह की परीक्षा से हमें प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने की जानकारी मिलती है।
परीक्षा में अव्वल आने वालों को मिलेगी नगद स्कॉलरशिप राशि
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा
- फोटो : अमर उजाला
छात्रवृत्ति परीक्षा में भाग लेने से उत्साहित हूं
छात्रवृत्ति परीक्षा प्रतियोगी परीक्षा की तरह होती है। इस तरह की छात्रवृत्ति स्टूडेंट्स को मिलती है। तो वह पढ़ाई अच्छी कर सकते है। अमर उजाला की ओर से आयोजित परीक्षा में हमें बहुत कुछ सीखने को मिला।
- पारस
प्रतियोगी परीक्षाओं की होगी तैयारी
अतुल माहेश्वरी छात्रवृत्ति परीक्षा के माध्यम से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी होगी। अमर उजाला अखबार पढ़ने के बाद इसके लिए मैंने आवेदन किया है। मैं पंजाब के मुक्तसर से चंडीगढ़ एग्जाम देने आई हूं।
- स्मृति
अमर उजाला का बेहतरीन कदम
अमर उजाला की ओर से इस तरह की परीक्षा आयोजित कर बेहतरीन काम किया जा रहा है। इसमें 9, 10 सहित अन्य क्लास के स्टूडेंट्स को एग्जाम देने का मौका मिलता है। यह बेहतरीन है।
- ज्योति
पहली बार दिया है एग्जाम
मैं अभी दसवीं की छात्रा हूं। मैंने अभी तक प्रतियोगी परीक्षाओं के बारे में सुना था। पहली बार एग्जाम दिया है। जनरल नॉलेज, मैथ्स, इंग्लिश का पेपर हल करने में मजा आया। इस तरह के एग्जाम आयोजित होने चाहिए। मुझे इसमें आवेदन करने के लिए मेरे पिताजी ने कहा था। हम लोग अमर उजाला के रेगुलर पाठक हैं।
- तमन्ना