चंडीगढ़। पीजीआई में मेडिकल रिकार्ड क्लर्क पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर 4.50 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश निवासी एक महिला ने पीजीआई निदेशक को शिकायत देकर मामले की जांच और रकम वापस कराने की मांग की है। शिकायत में चार लोगों पर नौकरी का भरोसा देकर पैसे लेने का आरोप लगाया गया है।
शिकायत के मुताबिक नवंबर 2025 में महिला से एमआरसी पद पर नौकरी के लिए 4.50 लाख रुपये मांगे गए। शुरुआत में एक लाख रुपये देने के बाद उसे अलग-अलग सेंटरों में प्रशिक्षण और ड्यूटी के लिए बुलाया गया। आरोप है कि नियमित नियुक्ति, आई-कार्ड और वेतन का भरोसा देकर बाद में शेष रकम भी ले ली गई, लेकिन न तो नियुक्ति मिली और न ही वेतन दिया गया।
महिला ने शिकायत में चार लोगों के नाम, मोबाइल नंबर, कॉल रिकॉर्डिंग, मैसेज, आई-कार्ड और अन्य दस्तावेज जांच के लिए उपलब्ध कराने की बात कही है। शिकायत का पूर्व डायरी नंबर एसआरएओएच-388 (एम), दिनांक 21 अगस्त 2026 है।
शिकायत के बावजूद पीजीआई प्रशासन चुप
मामला प्रशासन के संज्ञान में आने के बावजूद पीजीआई की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया कि मामले में आंतरिक जांच शुरू की गई है या नहीं। शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।