चंडीगढ़। यूटी के खेल विभाग ने अपनी तीनों खेल अकादमियों को खोल दिया है। तीनों अकादमियां कोविड-19 के चलते बंद पड़ी थीं। खेल विभाग की क्रिकेट, हॉकी और फुटबॉल की अकादमियां हैं।
इन तीनों खेल अकादमियों के खिलाड़ियों के लिए सेक्टर-42 के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में एक छात्रावास भी बना हुआ है, जहां पर तीनों अकादमियों के खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था भी है। खेल विभाग इनके रहने के साथ ही पढ़ाई की व्यवस्था भी करवाता है। फिलहाल इन अकादमियों के खिलाड़ी जिन सरकारी स्कूलों में पढ़ते हैं, वहां कुछ दिन पहले ही छुट्टियां की गई हैं। अब ये सभी जनवरी के पहले हफ्ते में लौटेंगे।
छात्रावास में फिलहाल खतरा नहीं
यूटी खेल विभाग के पास क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल की तीनों अकादमियों के कुल पांच बैच है। अभी तक सीनियर वर्ग में तीन बैचों के खिलाड़ियों ने छात्रावास में वापसी की है। जूनियर वर्ग के खिलाड़ी अभी अकादमियों में नहीं हैं, इसलिए छात्रावास में रहने वाले खिलाड़ी उचित दूरी पर ही रहते हैं, इसलिए फिलहाल किसी तरह का कोई खतरा नहीं हैं।
टेस्ट के बाद हुई वापसी
यूटी खेल विभाग की क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल की तीनों अकादमियां बंद होने के बाद कोविड काल का समय इन अकादमियों के खिलाड़ियों ने अपने घरों में ही बिताया। कुछ समय पहले जब अकादमियां खोली गईं तो सबसे पहले इन खिलाड़ियों के स्वास्थ की जांच और कोविड टेस्ट हुआ। सही रिपोर्ट आने की बाद ही इन्हें छात्रावास में रहने की अनुमति मिली।