पंजाब में होने वाले विधान चुनावों से ठीक पहले मोहाली के करीब सभी थानों के एसएचओ का तबादला कर दिया गया है। वहीं, कई एसएचओ ने अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। इसके साथ ही सभी थानों में नए एसएचओ को बधाई देने के लिए लोगों का तांता लगा है। बधाईयां देने वालों में हर क्षेत्र के लोग शामिल हैं।
जानकारी के मुताबिक, थाना फेज-1 थाना में तैनात इंस्पेक्टर नवीनपाल को बदलकर उनकी जगह इंस्पेक्टर जितेंद्र पाल, फेज-8 थाना प्रभारी लखविंद्र सिंह की जगह जगदीश सिंह, सोहाना थाना प्रभारी राजीव कुमार की जगह हरसिमरन सिंह को लगाया गया है। इसके अलावा उनके पास इंटर नेशनल एयरपोर्ट थाने का चार्ज भी रहेगा। इसके अलावा जिले के अन्य थानों के प्रमुखों को भी बदला गया है। जिला पुलिस के कई सीनियर अधिकारी भी कुछ समय पहले बदले गए हैं।
पुलिस पर इस समय विधान चुनावों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न करवाने की चुनौती है। इसके लिए ही पुलिस द्वारा सारी कवायद की जा रही है। इसके अलावा जिला पुलिस द्वारा नए एसएचओ को उनके इलाके के नजदीक रहने वाले आपराधिक किस्म के लोगों का रिकॉर्ड इकट्ठा करने को कहा गया है।