जजपा प्रत्याशी दिग्विजय चौटाला अपना पहला विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। पार्टी नई है और प्रत्याशी भी नया है, लेकिन जजपा को और मजबूती देने को पार्टी के लिए उपचुनाव की यह जीत बहुत जरूरी है, इसलिए सांसद दुष्यंत चौटाला और उनकी टीम दिग्विजय को जीताने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं। उधर, इनेलो प्रत्याशी उम्मेद सिंह रेढू को जितवाने के लिए अभय चौटाला और उनके विधायकों ने मोर्चा संभाल रखा है।
पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता से मिलने पहुंचीं स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन
जींद की राजनीति के केंद्र में आए पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता को मनाने के लिए अब भी नेताओं की लाइन उनके घर लगी है। सभी राजनीतिक दलों के बड़े नेता वहां समर्थन के लिए जा चुके हैं, लेकिन मांगेराम गुप्ता ने अब किसी भी उम्मीदवार व राजनीतिक दल को समर्थन देने से मना कर दिया है।
शनिवार को स्थानीय निकास मंत्री कविता जैन और मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जैन पूर्व मंत्री मांगेराम गुप्ता के घर पहुंचे। गौरतलब है कि मांगेराम गुप्ता चार बार जींद से विधायक रह चुके हैं और शहर में अपना खास प्रभाव रखते हैं। ऐसे में हर राजनीतिक पार्टी ने उन्हें रिझाने का प्रयास किया है।