इनेलो प्रदेश प्रवक्ता प्रवीन आत्रेय ने कहा कि जींद उपचुनाव में इनेलो-बसपा गठबंधन प्रत्याशी की जीत तय है और यह चुनाव भाजपा और कांग्रेस को आइना दिखाने का काम करेगा। जारी बयान में प्रवीन आत्रेय ने यह भी कहा है कि भाजपा की नीतियों से त्रस्त जनता को इस चुनाव के माध्यम से अपना विरोध दर्ज कराने का मौका मिला है।
प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और इस चुनाव से उस बदलाव की नींव रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि इनेलो का मुकाबला किसी भी दल से नहीं है क्योंकि कांग्रेस प्रदेश में अपना जनाधार खो चुकी है और भाजपा को हर वर्ग के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। नवनिर्मित जजपा के जनाधार पर टिप्पणी करते हुए इनेलो वरिष्ठ नेता ने कहा कि जनाधार उन्हीं का होता है जिनकी कोई विचारधारा हो।
उन्होंने कहा कि जजपा अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में ऐसे लोगों को शामिल कर रही है जिनकी जननायक की नीतियों में कोई आस्था नहीं है और न ही चौधरी ओमप्रकाश चौटाला के स्वाभीमानी जीवन से कोई सरोकार है। उन्होंने यह भी कहा कि जेजेपी का उद्देश्य केवल मात्र इनेलो-बसपा गठबंधन को सत्ता से दूर रखने का प्रयत्न करना है लेकिन इस उपचुनाव में जनता उसे सबक सिखाने का काम करेगी।