ऋषभ पंत के शानदार शतक की बदौलत रिलायंस की टीम ने ऑल इंडिया जेपी आत्रेय मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। क्वार्टर फाइनल में रिलायंस का मुकाबला पीसीसी से 22 सितंबर को पीसीए स्टेडियम मोहाली में होगा।
बुधवार को क्रिकेट स्टेडियम सेक्टर-16 में खेले गए मैच में टॉस जीतकर रिलायंस ने ओएनजीसी को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। ओएनजीसी ने पहले खेलते हुए 47 ओवर में 200 रन बनाए। प्रशांत ने 72 और इशान कृष्ण ने 30 रन बनाए।
गेंदबाजी में बाबा खान ने 35 रन देकर 3 विकेट, यादविंदर चहल ने 28 रन देकर 3 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी रिलायंस की टीम के बल्लेबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 25.1 ओवर में 2 विकेट पर 204 रन बनाकर मैच जीत लिया।
टीम से ऋषभ पंत ने तेजी से खेलते हुए मात्र 71 गेंदों पर शतक जमाते हुए 122 रनों की पारी खेली। इस पारी में 11 चौके और 9 छक्के शामिल रहे। बल्लेबाज जितेश ने 33 रन बनाए, जबकि आकाशदीप नाथ 29 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में नितेश राणा और सुमित नरवाल ने एक- एक विकेट चटकाया।