गोल्फ क्लब मे शॉट लगाते अक्षय शर्मा।
- फोटो : फाइल फोटो
चंडीगढ़ के स्टार गोल्फर अक्षय शर्मा ने बेहतरीन प्रदर्शन की बदौलत शनिवार को पीजीटीआई प्लेयर्स चैंपियनशिप 2020 का खिताब अपने नाम कर लिया। अक्षय शर्मा को 4 लाख 84 हजार 950 रुपये की इनामी राशि मिली। यह मुकाबला पंचकूला गोल्फ क्लब में हुआ। इस जीत के साथ अक्षय शर्मा पीजीटीआई की मेरिट लिस्ट में 29वें स्थान से छलांग लगाते हुए 4वें स्थान पर पहुंच गए हैं। बता दें दस साल अक्षय चंडीगढ़ गोल्फ क्लब में कैंडी का काम करते थे। अपने मेहनत से इस मुकाम को हासिल किया।
चैंपियनशिप के पहले दिन से अक्षय बढ़त बनाते हुए नंबर- 1 पर चले आ रहे थे। शनिवार को आखिरी राउंड उनके नाम रहा और उन्होंने दिन का स्कोर अंडर- 67 का कार्ड खेला और टूर्नामेंट का कुल अंक 24 अंडर 264 बनाते हुए ट्रॉफी को अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही उन्होंने पीजीटीआई टूर्नामेंट में सबसे कम स्कोर के रिकॉर्ड की भी बराबरी की। पिछला सबसे कम स्कोरिंग का रिकॉर्ड अणब लहरी और राशिद खान के नाम था।
दूसरी बार किया खिताब पर कब्जा
अक्षय शर्मा 2018 में प्लेयर्स चैंपियनशिप 2020 का खिताब जीत चुके हैं। उनके करिअर का यह दूसरा पीटीटीआई का खिताब है। सिटी के युवा गोल्फर करणदीप कोचर चैंपियनशिप में दूसरे स्थान रहे। उन्होंने चैंपियनशिप में कुल 19 अंडर 269 अंक बनाए। पुणे के उदयन और बेंगलुरू के चिंगारप्पा संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। चंडीगढ़ के युवराज सिंह संधु पांचवें और अमृत लाल आठवें स्थान पर रहे।
जीत की राशि से चुकाएंगे घर का लोन
अक्षय ने कहा कि हाल ही में नयागांव में लोन लेकर घर बनाया था। कोविड के चलते पिछले सात महीने से कुछ काम नहीं था और न ही कोई टूर्नामेंट हो रहा था। घर के लोन की किश्त उतारने की चिंता लगी हुई थी। यह टूर्नामेंट मेरे लिए काफी अहम था। इस टूर्नामेंट में जीत की राशि से लोन उतारने में आसानी होगी।