शिरोमणि अकाली दल ने निकाय मंत्री नवजोत सिद्धू पर एक बार फिर हमला बोला है। पार्टी ने कहा है कि सिद्धू को लॉफ्टर चैलेंज छोड़ कर उन किसानों के घर जाना चाहिए, जिन्होंने आत्महत्या कर ली। ताकि उन्हें पता चल सके कि किन हालातों के चलते ये दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हुईं।
शिअद प्रवक्ता विरसा सिंह वल्टोहा ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि पिछले समय के दौरान किसानों की आत्महत्या के मामले बढ़े हैं। यह न सिर्फ उनके परिवार केलिए बड़ा नुकसान है, बल्कि राज्य व देश केलिए भी बड़ी क्षति है, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण बात यह है कि पंजाब के दो मंत्री नवजोत सिद्धू और मनप्रीत बादल किसानों का मजाक उड़ाने में जुटे हैं।
सिद्धू को नहीं भूलना चाहिए कि कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से किसान दो फसलें बीज चुके हैं और अब तक पार्टी अपने वादे पूरे नहीं कर सकी है। उन्होंने सिद्धू को चुनौती दी कि वह एक किसान का नाम बताएं, जिसका कर्ज माफ किया गया हो।