पंजाब विधानसभा के मद्देनजर इसी साल बहुजन समाज पार्टी और शिरोमणि अकाली दल का चुनावी गठनबंधन हुआ था। वहीं सीटों को लेकर बुधवार को बड़ा फेरबदल किया गया। शिअद ने बसपा से उसके हिस्से की दो सीटों को वापस ले लिया है। अब अमृतसर उत्तर और सुजानपुर सीटों से शिअद प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे। इन सीटों के बदले अब बसपा को दलित बाहुल्य क्षेत्र की शाम चौरासी और कपूरथला सीट दी गई हैं।
कृषि कानूनों को लेकर शिरोमणि अकाली दल ने भाजपा के साथ सितंबर 2020 में गठबंधन तोड़ लिया था। जिसके बाद पंजाब में 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर जून में शिअद ने 25 साल बाद फिर से बसपा के साथ गठबंधन की घोषणा की थी।
गठबंधन के तहत शिअद की ओर से बसपा को 20 विधानसभा सीटें दी गई थीं और 97 सीटों पर शिअद ने चुनाव लड़ने का एलान किया था। लगभग तीन महीने के बाद अकाली दल की ओर से बसपा के कोटे से अमृतसर उत्तर और सुजानपुर सीटों को वापस लेकर शाम चौरासी और कपूरथला सीटों को दिया गया है। इसकी आधिकारिक पुष्टि शिअद प्रवक्ता डॉ. दलजीत सिंह चीमा ने की है।