डॉ. कमल गुप्ता ने बताया कि हिसार से चंडीगढ़ का किराया 4450 रुपये होगा। इसमें से उड़ान योजना के तहत 1500 रुपये भारत सरकार वहन करेगी, जबकि 1500 रुपये की सब्सिडी हरियाणा सरकार वहन करेगी। यानी यात्रियों को सिर्फ 1450 रुपये किराया हिसार से चंडीगढ़ के लिए देना होगा। गुप्ता के अनुसार चंडीगढ़ के बाद जल्द ही देहरादून, जयपुर, जम्मू, दिल्ली आदि शहरों के लिए भी हवाई सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
दो विभागों की एनओसी के बिना भरेंगे उड़ान
बेशक तीन सितंबर को सीएम पहली हवाई यात्रा का शुभारंभ करेंगे, लेकिन अधिकारियों में इस बात की घबराहट है कि पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड की एनओसी और पर्यावरण मंत्रालय की एनवायरनमेंट क्लीयरेंस के बिना ही एयरपोर्ट शुरू हो रहा है, जो कि नियमानुसार किसी भी तरह के एयरपोर्ट को शुरू करने के लिए अनिवार्य हैं।
ऐसे में सीएम द्वारा पहली उड़ान के उद्घाटन का कार्यक्रम तय होने के बाद अधिकारियों में घबराहट है। बिना एनओसी और एनवायरमेंट क्लीयरेंस के हवाई सेवाएं शुरू करने को लेकर हिसार से चंडीगढ़ तक बैठे अधिकारी कोई जवाब नहीं दे पा रहे हैं।
अधिकारी नहीं दे रहे विमानों की आवाजाही की जानकारी
एयरपोर्ट से हवाई सेवाएं शुरू किए जाने को लेकर शुक्रवार को दिल्ली में स्पाइस जेट के अधिकारियों और सिविल एविएशन के अधिकारियों के बीच बैठक हुई। इसमें फ्लाइट के लिए शेड्यूल, कौन-कौन से विमान की जरूरत होगी आदि मुद्दों को लेकर चर्चा हुई। लेकिन बैठक के बाद भी अधिकारी हिसार एयरपोर्ट से विमान की आवाजाही को लेकर कुछ नहीं बोल पा रहे हैं।
यह सुखद बात है कि हरियाणा का पहला लाइसेंस एयरपोर्ट हिसार में बना और तीन सितंबर को पहले फेज में यहां से चंडीगढ़ की फ्लाइट शुरू हो जाएंगी। अगले ही दिन आम लोग भी हिसार से चंडीगढ़ का सफर कर सकेंगे। हिसार में देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन गया है, जो 7300 एकड़ में फैला है। दिल्ली का एयरपोर्ट भी लगभग पांच हजार एकड़ में है। - डॉ. कमल गुप्ता, विधायक, हिसार।