विमान यात्रा के शौकीन के लिए गुड न्यूज अब जुलाई से करें लुधियाना से दिल्ली का हवाई सफर। दरअसल दो साल बाद लुधियाना का दिल्ली के साथ हवाई संपर्क फिर से जुड़ने वाला है। निजी क्षेत्र की कंपनी जेटस्मार्ट जुलाई के पहले सप्ताह से इन दोनों शहरों के बीच आठ सीट वाले छोटे लग्जरी विमान की सेवाएं शुरू करेगी। शुरुआत में एक फ्लाइट होगी, लेकिन मांग बढ़ने पर ज्यादा फ्लाइट भी शुरू की जा सकती हैं।
इसके अलावा जेट स्मार्ट उद्यमियों को चार्टर्ड विमान और हेलीकॉप्टर सेवा भी उपलब्ध कराने के मूड में है। आगे जाकर लुधियाना और मुंबई के बीच भी सेवा शुरू की जा सकती है। यह जानकारी जेट स्मार्ट के बिजनेस डेवलपमेंट हेड अंगद सिंह धालीवाल ने दी।
लुधियाना के साहनेवाल एयरपोर्ट से तत्कालीन सांसद मनीष तिवारी और डिप्टी सीएम सुखबीर बादल के प्रयासों से मई 2011 में लुधियाना दिल्ली के बीच विमान सेवा शुरू की गई। इस रूट पर एयर इंडिया ने 42 सीट वाला छोटा विमान चलाया। कमजोर इंफ्रास्ट्रक्चर और यात्रियों की कमी के कारण यह सेवा तीन साल बाद मई 2014 में बंद हो गई। इसके साथ ही लुधियाना का देश विदेश से हवाई संपर्क भी कट गया।
इसी बीच विभिन्न औद्योगिक संगठन लुधियाना से सेवा शुरू कराने के लिए लगातार प्रयासरत रहे। उनका मानना है कि चंडीगढ़ से जाने वाली फ्लाइट्स में 15 से बीस फीसदी तक ट्रैफिक लुधियाना से है। ऐसे में यहां से विमान सेवा शुरू करना जरूरी है।
धालीवाल ने कहा कि पहले आठ सीट वाले बी-200 विमान की सेवा शुरू की जाएगी। इसके किराए और टाइमिंग को लेकर उद्योग जगत के साथ राय की जा रही है। उन्होंने कहा कि पहले सप्ताह में तीन दिन, फिर पांच दिन तक विमान सेवा शुरू की जाएगी। उसके बाद ट्रैफिक को देखते हुए फैसले लिए जाएंगे।
ट स्मार्ट का मकसद लुधियाना को हवाई मार्ग से देश और दुनिया के साथ जोड़ना है। उन्होंने कहा कि कंपनी रेगुलर हवाई यात्रियों के लिए सदस्यता भी शुरू कर रही है और पेमेंट के लिए ईएमआई की सुविधा भी देने पर विचार किया जा रहा है।
अंगद ने कहा कि पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए कंपनी विशेष सर्वे करेगी। इसके तहत चुनाव के दौरान नेताओं को जरूरत के अनुसार हेलीकॉप्टर उपलब्ध कराने पर भी मंथन किया जा रहा है।