स्वतंत्रता दिवस पर फिरोजपुर के शहीद भगत सिंह स्टेडियम में आयोजित समारोह में तिरंगा फहराने के उपरांत खेतीबाड़ी मंत्री जत्थेदार तोता सिंह ने कहा कि चुनाव कमीशन से अपील की गई है कि जो व्यक्ति चुनाव मैदान में उतरेगा उसका भी डोप टेस्ट करवाया जाए।
इसके अलावा प्रत्येक साल किसानों को पांच हजार से छह हजार करोड़ रुपये की बिजली मुफ्त दी जा रही है। यही नहीं सरहदी जिलों के लिए सरहदी क्षेत्र विकास प्रोग्राम के तहत 40 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
मंत्री तोता सिंह ने कहा कि राज्य सरकार के सभी विभागों में भर्ती प्रक्रिया दौरान व्यक्ति का डोप टेस्ट जरूरी किया है। सरकारी सेवाओं में चुने जाने वाले व्यक्तियों को अपने मेडिकल दौरान डोप टेस्ट पास करना जरूरी होगा। मंत्री ने कहा कि चुनाव कमीशन से अपील की गई है चुनाव लड़ने वाले व्यक्ति का भी डोप टेस्ट किया जाए। ताकि लोगों की सेवा करने वाले भी नशा रहित होने चाहिए तभी नशा खत्म हो सकता है।
उन्होंने कहा कि छह सरहदी जिले अमृतसर, फिरोजपुर, फाजिल्का, तरनतारन, गुरदासपुर व पठानकोट के किसानों का हुआ नुकसान के बदले प्रति एकड़ तीन हजार रुपये मुआवजा मंजूर किया गया है। इस मुआवजे की धनराशि दस हजार रुपये किए जाने की योजना है। सरहदी 19 जिलों में सरहदी क्षेत्र विकास प्रोग्राम के तहत 40 करोड़ शिक्षा, सेहत, खेतीबाड़ी व अन्य कार्यों पर खर्च किया जाएगा। पुलिस थाना में महिला और बच्चे द्वारा शिकायत करने पर उन्हें पुलिस थाना में बुलाकर पूछताछ नहीं की जाएगी बल्कि पुलिस अधिकारी घर आकर जांच-पड़ताल करेंगे।
इसके अलावा महिला और एनआरआई के लिए विशेष हेल्प लाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। शहरों में जल-सप्लाई, सीवरेज, स्ट्रीट लाइट व पुल बनाने के लिए 3800 करोड़ रुपये के बजट प्रबंध किया है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रधान कमल शर्मा के अलावा पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित थे।