चंडीगढ़। दो साल बाद एक बार फिर से रौनक लौट आई है। शुक्रवार को रोज फेस्टिवल के उद्घाटन समारोह के बाद सेक्टर-16 स्थित रोज गार्डन में लोगों की भीड़ देखकर इसका अनुमान लगाया जा सकता है। कार्य दिवस होने के बावजूद काफी संख्या में लोग गार्डन में पहुंचे थे। वहां आए कलाकारों की ढोल की थाप और बैंड व बीन की धुन पर घूम रहे युवाओं के पैर भी खूब थिरके, जिससे कलाकारों का उत्साह भी दोगुना हो रहा था। कार्यक्रम का उद्घाटन चंडीगढ़ प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने किया।
इस अवसर पर प्रशासक ने कहा कि रोज गार्डन की योजना इस तरह से बनाई गई है कि बगीचे में घूमना एक कहानी पढ़ने जैसा है।
प्रशासक ने कहा कि सभी फूलों की अपनी-अपनी सुंदरता होती है, लेकिन गुलाब दुनियाभर में सबसे लोकप्रिय फूलों में से एक है। इसे ‘फूलों का राजा’ के नाम से जाना जाता है। साहित्य की दृष्टि से पुष्प को प्रेम, करुणा और शाश्वत सौंदर्य के प्रतीक के रूप में महिमामंडित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह तीन दिवसीय रोज फेस्टिवल गुलाब की भव्यता और प्रकृति के साथ उत्सव मनाने जैसा है। कोरोना के बाद शहर में लगभग सभी जगह पाबंदी हटा दी गई है, इससे लोगों में इस आयोजन को लेकर और उत्साह है। उम्मीद है कि आने वाले वर्षों में शहर में और अधिक रंग बिरंगे फूलों के आयोजन देखने को मिलेंगे। प्रशासक ने कहा कि गुलाब प्रेमियों की सक्रिय भागीदारी और विशेषज्ञों के अनुभव व ज्ञान के माध्यम से शहर को स्वच्छ और हराभरा बनाने में मदद मिलती है। प्रशासक ने कहा कि पूर्व राज्यपाल डॉ. एमएस रंधावा जिन्होंने चंडीगढ़ रोज फेस्टिवल की अवधारणा की और भारत के तीसरे राष्ट्रपति डॉ. जाकिर हुसैन जिनके नाम पर इस गुलाब के बगीचे का नाम रखा गया, दोनों ही बहुत अच्छे बागवान थे।
फूलों से सजे खरगोश, हाथी व अन्य जानवरों के साथ लोगों ने ली सेल्फी
मेयर सरबजीत कौर ने कहा कि गुलाबों की विभिन्न प्रजातियों का आनंद लोग उठा रहे हें, यह अच्छी बात है, जिसमें प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों की भी सहभागिता कराई जाएगी। क्षेत्रीय पार्षद सौरभ जोशी ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में फूलों से सजे खरगोश, हाथी व अन्य जानवरों के साथ लोगों ने सेल्फी ली तो फूलों से सजे रोज फेस्टिवल के द्वार पर भी लोगों ने फोटो लिए। गुलाबों की मनमोहक प्रजातियों को देखकर लोग जैसे खिंचे चले आ रहे थे, वहीं विभिन्न वर्गों में भाग लेने वाले लोगों के फूलों व पौधों को देखने के लिए भी लोग पहुंचे। गार्डन में अपनी प्रस्तुति दे रहे कलाकरों के साथ पंजाब विश्वविद्यालय के छात्र छात्राओं के साथ ही लोगों ने भी डांस किया। उसके बाद अंडरपास में लगी फोटो प्रदर्शनी का आनंद लेते हुए लोग बाहर निकल गए।
स्वच्छता सर्वेक्षण पर दें अपने सुझाव और पाएं पुरस्कार
प्रशासक ने रोज गार्डन में बने सेल्फी बूथ और स्वच्छता स्टाल का उद्घाटन किया। जहां स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 के तहत विभिन्न योजनाओं की प्रस्तुति दर्शायी गई थी, जिसमें स्रोत स्तर पर कचरे को अलग करना, प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने, रसोई के कचरे से घर में ही खाद बनाना शामिल था। इसके अलावा स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 पर सुझाव देने के लिए भी एक स्टॉल बनाया गया है, जिसमें 300 लोगों को ड्रॉ के माध्यम से आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे।
आज के कार्यक्रम
सुबह 11 बजे : घूमर नृत्य
सुबह 11.10 बजे : फाग और धमाल की प्रस्तुति
सुबह 11.20 : कठपुतली शो
सुबह 11.25 बजे : मानक साहिब दिया कलियां की प्रस्तुति
दोपहर 3 बजे : पंजाबी लोकगीत की प्रस्तुति देंगे करमराज
शाम 4 बजे : बीन जोगी नृत्य की प्रस्तुति
शाम 4.30 बजे : जादू का शो
शाम 5.30 बजे : गायक लखविंदर वडाली की प्रस्तुति