बागवानी, वन और प्रशासन के अधिकारियों की जिम्मेदारी, दर्ज हो एफआईआर : मेहताब सिंह गिल
कार्मल कॉन्वेंट स्कूल में हादसे पर सेवानिवृत्त जज व पंजाब के चीफ विजिलेंस कमिश्नर मेहताब सिंह गिल ने यूटी प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में प्रशासन की लापरवाही है, इसलिए एफआईआर दर्ज होनी चाहिए।
शनिवार को मेहताब गिल का एक वीडियो काफी वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने हादसे के लिए यूटी प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो में कहा है कि स्कूल से 25 गज दूर उनका घर है, उनके घर के सामने करीब 300 साल पुराना एक पीपल का हेरिटेज पेड़ है। इसकी छंटाई के लिए उन्होंने छह महीने पहले हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों से अपील की थी, लेकिन ध्यान नहीं दिया गया।
उन्होंने कहा कि अभी स्कूल का ये पेड़ गिरा है, जबकि कुछ साल पहले पेड़ का एक हिस्सा टूटकर सड़क की तरफ गिर गया था, तब भी किसी ने ध्यान नहीं दिया। आरोप लगाया कि पूरे मामले में हॉर्टिकल्चर और वन विभाग की लापरवाही है और उनकी जिम्मेदारी बनती है। उन्होंने कहा कि उनके घर के सामने वाले पेड़ की टहनियां जमीन पर लग रही हैं, लेकिन मेरी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रशासन मामले में कितना गंभीर है।