आम आदमी पार्टी ने उम्मीदवारों के एलान में दूसरी पार्टियों से लीड ली थी। पार्टी में एकाएक छिड़े कई विवादों के बाद अब पार्टी उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट लटक गई है। आम आदमी पार्टी ने सबसे पहले अपने 19 उम्मीदवारों का एलान करके चुनावी महासमर में बढ़त बनाई थी। उसके बाद पार्टी ने 13 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट भी घोषित कर दी थी।
तब पार्टी ने दावा किया था कि सितंबर मध्य तक तीसरी लिस्ट भी जारी कर दी जाएगी, लेकिन पार्टी विवादों में ऐसी घिरी की उम्मीदवारों का एलान फिलहाल टल गया है। पहली लिस्ट जारी करने के बाद ही तत्कालीन सूबा कन्वीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर ने सार्वजनिक तौर पर नाराजगी जताई। उम्मीदवारों का कई हलकों में विरोध शुरू हो गया। दूसरी लिस्ट के बाद पार्टी में विवाद और बढ़ गया। छोटेपुर ने पार्टी को अलविदा कह दिया। उनके पक्ष में सात जोनल कोऑर्डिनेटरों ने भी बगावत कर दी। उसके बाद दिल्ली के नेताओं पर पैसे लेने के गंभीर आरोप लगने लगे।