राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिवस से एक दिन पहले रविवार को देशभर में 'एक तारीख, एक घंटा, एक साथ' स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके तहत चंडीगढ़ में भी कई जगह स्वच्छता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। सेक्टर-49 स्थित मंडी ग्राउंड में सफाई अभियान के तहत पंजाब के राज्यपाल एवं प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने मेयर अनूप गुप्ता और कमिश्नर अनंदिता मित्रा के साथ कूड़ा उठाया।
गंदगी की दृष्टि से सबसे आगे सेक्टर-26 की सब्जी मंडी में मेयर अनूप गुप्ता समेत स्थानीय पार्षद दलीप शर्मा, भाजपा महासचिव रामबीर भट्टी और अन्य भाजपा नेताओं ने झाड़ू लगाई। हालांकि भाजपाइयों की झाड़ू के नीचे हल्का-फुल्का कचरा ही सिमट पाया जबकि पूरी मंडी में गंदगी पसरी है।
मनीमाजरा में स्वच्छता अभियान के तहत नगर निगम कमिश्नर आनंदिता मित्रा ने अभियान चलाया। इस दौरान उनके साथ चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी के चांसलर सतनाम सिंह संधू और यूनिवर्सिटी के 2000 छात्रों ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया। मनीमाजरा में यह सफाई अभियान चलाया गया। नगर निगम के मनीमाजरा स्थित सब ऑफिस के पास स्थित ग्राउंड से यह अभियान शुरू हुआ और बस स्टैंड फिर दशहरा ग्राउंड, कार बाजार वाली पार्किंग और रेलवे अंडरपास में स्वच्छता अभियान चलाया गया है। अभियान में नगर निगम के अन्य अधिकारियों और समाजसेवियों ने भी भाग लिया था।