चंडीगढ़ प्रशासक वीपी सिंह बदनौर ने शनिवार को पंजाब राजभवन में चंडीगढ़ पुलिस के लिए ऑटोमेटिक परसौनल प्लेसमेंट सॉफ्टवेयर को लॉन्च कर दिया। अब शहर के किसी भी थाने या यूनिट में तैनाती के दो वर्ष बाद एसआई रैंक तक के पुलिसकर्मियों के तबादला ऑटोमेटिक तरीके से हो जाएगा। मौके पर प्रशासक ने कहा कि यह साफ्टवेयर पुलिस डिपार्टमेंट में एक नई तकनीक को जन्म देने के साथ ही विभाग को अपडेट रखेगा। डीजीपी सहित अन्य अधिकारियों की इस पहल को उन्होंने सराहा।
सॉफ्टवेयर के लांच होने के साथ ही करीब 2500 पुलिसकर्मियों के ट्रांसफर आदेश जारी हुए, जिन्हें किसी पुलिस थाने व यूनिट सहित अन्य जगहों पर सेवाएं प्रदान करते दो वर्ष बीत चुके हैं। एक जगह दो साल तक सेवाएं प्रदान कर चुके एसआई रैंक तक के पुलिसकर्मियों के नाम ऑटोमेटिक प्लेसमेंट सॉफ्टवेयर ने स्वत: उठाए। इसके बाद पुलिस विभाग की तरफ से उन्हें स्थानांतरित करने के आदेश जारी किए गए।
कंप्यूटर जनरेटिड पोस्टिंग से यूटी पुलिस विभाग की कार्यशैली में पारदर्शिता संभव हो सकने सहित पुलिसकर्मी भी विभिन्न स्तर पर कार्यशैली में बदलाव होने सहित अपने कार्य में परिपक्वता ला सकेंगे। स्पष्ट है कि अब पुलिस विभाग में किसी प्रकार की मिलीभगत से पुलिसकर्मियों का कई वर्षों तक एक जगह जमावड़ा नही लग सकेगा। अब तक यूटी पुलिस विभाग में कई पुलिसकर्मियों के लंबे समय तक एक ही जगह ड्यूटी करने के आरोप लगते रहे हैं। इस अवसर पर प्रशासक एडवाइजर परिमल राय, डीजीपी समेत कई आला अधिकारी मौजूद रहे।