जीएमसीएच-32 में ट्रामा सेंटर का उद्घाटन करने पहुंचे प्रशासक कटारिया।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ के सेक्टर-32 स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (जीएमसीएच-32) में तैयार किए गए 283 बेड वाले इमरजेंसी और ट्रॉमा ब्लॉक का शुक्रवार को चंडीगढ़ के प्रशासक ने उद्घाटन किया। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया बतौर मुख्य अतिथि के रूप में सुबह 11 बजे ट्रॉमा ब्लॉक का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान मुख्य सचिव आईएएस राजीव वर्मा और चिकित्सा शिक्षा एवं शोध सचिव आईएएस अजय चगती ने विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत की। प्रशासक कटारिया जब जीएमसीएच-32 पहुंचे तो उनके हाथ में छड़ी थी, जिसके सहारे वह चल रहे थे।
जीएमसीएच-32 के डायरेक्टर प्रिंसिपल प्रो. अशोक कुमार अत्री और मेडिकल सुपरिंटेंडेंट प्रो. गुरविंदर पाल थामी भी उद्घाटन समारोह के दौरान मौजूद रहे। पहले यह उद्घाटन 28 जुलाई को होना था लेकिन राज्यपाल की तबीयत खराब होने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया। वहीं आज दीक्षांत समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को डिग्रियां बांटी जाएंगी।