स्वच्छ भारत मिशन के तहत सफाई में सिटी ब्यूटीफुल की रैंकिंग बढ़े, इसके लिए प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी गंभीर हो गए हैं।
मंगलवार को सलाहकार विजय देव ने अधिकारियों के साथ शहर की अलग अलग रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों के साथ सेक्टर-22 के सामुदायिक केंद्र में बैठक की।
इस दौरान अधिकारियों को कहा गया कि शहरी विकास मंत्रालय की ओर से उन्हें शहर की सफाई व्यवस्था पर फोन आएगा जिस पर शहर की अच्छी रिपोर्ट दें ताकि शहर को सैनिटेशन में अव्वल रैंकिंग मिल सके। अधिकारियों ने एसोसिएशनों के पदाधिकारियों से कहा कि अगर उन्हें सफाई से संबंधित कोई शिकायत है तो मिल बैठकर हल निकाल लेंगे।
मालूम हो कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत एक बार फिर शहर का सर्वे शुरू हो गया है। इसमें शहरवासियों की भागीदारी को भी शामिल किया गया है। इसके तहत चार जनवरी से लोगों से शहरी विकास मंत्रालय की ओर से फोन पर कुछ सवाल पूछे जाएंगे।
मालूम हो कि पिछले साल हुए रैंकिंग में शहर का 21वां स्थान था। देश भर की नगर निगम की शिकायतों के बाद इस सर्वे को खारिज कर दिया गया था और अब मंत्रालय फिर से सर्वे करवा रहा है। आठ से 11 जनवरी तक मंत्रालय की ओर से एक टीम शहर में सर्वे करेगी।
इन सबके आधार पर 25 जनवरी को शहर की नई रैंकिंग की घोषणा की जाएगी। निगम ने मंत्रालय को 10 हजार लोगों के फोन नंबर भेजे हैं। स्वच्छता अभियान के तहत देश से 75 शहरों को चुना गया है। इनमें 53 शहर ऐसे हैं, जिसमें जनसंख्या 10 लाख से अधिक है।
7 जनवरी से सेक्टर-17 में सफाई अभियान शुरू किया जाएगा। सलाहकार विजय देव खुद सफाई करेंगे। सलाहकार ने रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशनों से भी इस अभियान में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वह इस अभियान का प्रधान सेवक बनेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यह अभियान पूरे शहर में चलना चाहिए और इसे रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन का अभियान बनाया जाए।
सड़क किनारे से मजदूरों को हटाएं:बिट्टू
बैठक में फासवेक अध्यक्ष बलजिंदर सिंह बिट्टू ने कहा कि इस समय सड़कों के किनारे अलग अलग जगह मजदूर अपने परिवार के साथ रह रहे हैं, जिस कारण सड़कों पर गंदगी होती है। बिट्टू ने कहा कि जब तक इन्हें हटाया नहीं जाएगा तब तक शहर साफ नहीं रह सकता है। सेक्टर-15 की रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि शहर की राउंड अबाउटस के पास आटो खड़े रहते हैं। ये आटो चालक भी सड़कों पर गंदगी फैला रहे हैं।
एसडीएम करें इलाके का दौरा: कर्नल चीमा
सेक्टर-34 से आए कर्नल चीमा ने कहा कि शहर में कई जगह खाने पीने की रेहड़ियां लगी हुई है उनका कहना है कि सलाहकार को भी रेजिडेंट्स कितनी बार मोबाइल पर मैसेज करें। उन्होंने बैठक में मौजूद एसडीएम को कहा कि वह अपने अपने एरिया में कम से कम दौरा तो करें। उन्होंने कहा कि शिकायत करने के बावजूद अधिकारी काम नहीं करते हैं।