श्री हरमंदिर साहिब में अनुपम खेर ने टेका माथा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने शुक्रवार को पहुंचे। खेर अपने 540वें प्रोजेक्ट की शूटिंग के लिए अमृतसर पहुंचे हैं। खेर ने बीती रात आर्मी अधिकारियों के साथ डिनर भी किया। इन पलों को उन्होंने अपनी जिंदगी का सबसे खुशी के समय में से एक बताया।
अनुपम खेर ने कहा कि जब भी उनका अमृतसर आना होता है, वह श्री हरमंदिर साहिब में माथा टेकने जरूर आते हैं। यहां वह अपने साथ बाउंसर या कोई सिक्योरिटी नहीं लेकर आते। उन्हें महसूस होता है कि यहां जो भी लोग हैं उनकी सुरक्षा के लिए ही हैं। गुरुघर में किसी तरह की सुरक्षा की जरूरत नहीं होती। इस दौरान उन्होंने अपने परिवार व देश की शांति के लिए अरदास की।
खेर ने बीती रात मेजर जनरल राजेश पुष्कर के निवास पर डिनर भी किया। कहा कि यह खुशी का समय है कि उन्हें आर्मी मेजर जनरल के साथ डिनर का मौका मिला। बहादुरी, वीरता, कविता, सिनेमा और स्वादिष्ट खाने का ऐसा संगम बहुत दिनों बाद महसूस किया।
खेर ने सोशल मीडिया पर भी अपने विचार पेशकर फिल्म के संबंध में खुलासा किया है। उन्होंने कहा कि मैंने अपने 540वें प्रोजेक्ट की शूटिंग शुरू कर दी है। कैलोरी एक कनाडाई फिल्म है। इसे कनाडाई निर्देशक ईशा मरजारा और जोबालास ने निर्देशित किया है। फिल्म की शूटिंग अमृतसर और मॉन्ट्रियल में होगी। इस मानवीय त्रासदी की पटकथा ने मेरे दिल को गहराई तक छू लिया है।